Maihar News : मैहर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के दौरान हंगामा, मंच पर जगह न मिलने से नाराज हुए BJP जिला संयोजक

मैहर। जिला मुख्यालय में बुधवार को मां शारदा मंदिर मार्ग स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने कार पार्किंग स्थल पर जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब मंच पर जगह नहीं मिलने को लेकर भाजपा जिला संयोजक विश्वनाथ तिवारी नाराज हो गए। मंच पर स्थान को लेकर उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और पदाधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताई।
मंच पर जगह को लेकर तीखी बहस
बताया जा रहा है कि मंच पर स्थान को लेकर विश्वनाथ तिवारी की मंच पर मौजूद लोगों से तीखी बहस भी हुई। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल असहज हो गया।
घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर जिला संयोजक नाराजगी जताते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
समझाने की कोशिश, फिर कार्यक्रम छोड़कर गए
मंच पर मौजूद लोगों ने विश्वनाथ तिवारी को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद उनकी नाराजगी कम नहीं हुई। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से निकल गए।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के बीच भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा होती रही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और आम नागरिक मौजूद थे।

स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना विवाद
प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बीच मंच पर जगह को लेकर हुआ यह विवाद अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक कार्यक्रम में पार्टी के ही जिला संयोजक की नाराजगी और कार्यक्रम छोड़कर चले जाने की घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल, मंच पर स्थान को लेकर हुए विवाद की वजह और पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।
लोकेशन -मैहर रिपोर्टर - प्रशांत शुक्ला

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
