शुक्रवार, 9 अक्टूबर 202601:57:18 AM
Download App
Home/देश

मुंबई में मप्र का मेगा इन्वेस्टमेंट मिशन : सीएम मोहन ने उद्योगपति गोयनका-गर्ग से की मुलकात, निवेश को लेकर हुआ मंथन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 08, 2026
09:28 AM
सीएम मोहन ने उद्योगपति गोयनका-गर्ग से की मुलकात, निवेश को लेकर हुआ मंथन

मुंबई। मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार बढ़ाने के मकसद से मुख्यमंत्री डाॅ. यादव गुरुवार को मायानगरी मुंबई के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मप्र में औद्योगिक निवेश के लिए उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात की। सीएम मोहन ने होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम में आरपीजी समूह के अध्यक्ष हर्ष गोयनका और वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग के साथ मप्र में निवेश पर चर्चा की।

सीएम मोहन ने हर्ष गोयनका के साथ जहा विद्युत पारेषण, टायर निर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर मंथन किया। वहीं संदीप गर्ग के साथ प्रदेश में पाइप निर्माण, टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश पर विचार विमर्श किया।

जबलपुर में ट्रांसमिशन क्षेत्र पर नजर

सीएम ने बैठक में हर्ष गोयनका ने जबलपुर में निवेश कर विद्युत पारेषण क्षेत्र में काम करने की इच्छा जताई। चर्चा के दौरान प्रदेश की औद्योगिक अधोसंरचना, रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, कुशल कार्यबल और निवेश अनुकूल नीतियों को संभावित परियोजनाओं के लिए उपयोगी बताया गया। नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के विकल्पों पर भी विचार हुआ।

टायर प्लांट के लिए तीन शहरों पर चर्चा

आरपीजी समूह ने मध्यप्रदेश में टायर निर्माण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। समूह के लिए रतलाम, सागर और जबलपुर संभावित निवेश स्थल के रूप में सामने आए। इन शहरों में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, कच्चे माल की पहुंच और अन्य आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद आगे की रणनीति तय की जा सकती है।

उज्जैन में आईटी निवेश की तैयारी

आईटी क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई। आरपीजी समूह की टीम संभावित स्थानों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और कारोबारी संभावनाओं का आकलन करेगी। उज्जैन के आईटी बिल्ट-अप पार्क की प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं का लाभ उठाकर आईटी गतिविधियां शुरू करने के विकल्प पर भी चर्चा हुई।

एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में 150 करोड़ के निवेश पर चर्चा

वहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव और वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग के बीच वेलस्पन कॉर्प द्वारा एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में 150 करोड़ के निवेश पर चर्चा हुई। प्रदेश में पाइप निर्माण क्षेत्र में समूह की गतिविधियों और निवेश योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सिंटेक्स के 700 करोड़ के प्रगतिरत निवेश पर भी चर्चा की गई। समूह की रायसेन और देवास में उपस्थिति के संदर्भ में पाइप निर्माण तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की गतिविधियों पर संवाद हुआ।

सड़क, राजमार्ग और जल प्रबंधन परियोजनाओं में सहभागिता

वेलस्पन समूह प्रदेश में सड़क एवं राजमार्ग निर्माण सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं से भी जुड़ेगा। बैठक में वेलस्पन एंटरप्राइजेज द्वारा अधोसंरचना परियोजनाओं में निवेश और सहभागिता के विषयों पर चर्चा हुई। जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन की परियोजनाओं में समूह की भागीदारी की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें