गुरुवार, 3 सितंबर 202610:50:06 AM
Download App
Home/देश

राहुल के इंदौर दोरे पर सियासी पारा हाईः : मोहन के मंत्री ने कांग्रेस पर किया तीखा वार, भीड़ नहीं जुटने का भी लगाया आरोप

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 03, 2026
09:36 AM
मोहन के मंत्री ने कांग्रेस पर किया तीखा वार, भीड़ नहीं जुटने का भी लगाया आरोप

भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर मध्यप्रदेश का सियासी पारा हाई है। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दल एक-दूसरे पर जमकर जुबानी हमले बोल रहे हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर सीधा वार किया है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि राहुल के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के अंदर ही घमासान मचा हुआ है, लेकिन व्यवस्थागत कमियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम की तारीख बदलने पर कांग्रेस पर तंज

सारंग ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सकीं और इसी वजह से दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से जवाब-तलब किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कार्यक्रम में अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंचे तो इसकी तारीख बदलकर 19 कर दी गई। अब कांग्रेस अपनी व्यवस्थागत कमियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ने की कोशिश कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को अपने संगठन और कार्यक्रमों की स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए, बजाय इसके कि हर मामले में भाजपा को जिम्मेदार ठहराया जाए।

‘राहुल गांधी को परिपक्व बातें करनी चाहिए’

विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के बयानों और राजनीतिक शैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सार्वजनिक मंचों से अधिक परिपक्व और तथ्यपरक बातें करनी चाहिए। सारंग के मुताबिक, देश की जनता नेताओं के भाषण और उनके राजनीतिक रुख को गंभीरता से देखती है।

‘स्क्रिप्टेड भाषण से नहीं बढ़ता नेतृत्व’

सारंग ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह अक्सर स्क्रिप्ट के आधार पर भाषण और बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने फैसले और राजनीतिक दिशा के लिए दूसरों पर निर्भर रहता है, वह लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकता।

उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति में अपनी स्वतंत्र सोच और स्पष्ट दृष्टिकोण जरूरी है। भाजपा नेता के इन बयानों के बाद राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें