गुरुवार, 3 सितंबर 202611:32:06 AM
Download App
Home/देश

द्वारकाधीश की शरण में मोहन : पत्नी के साथ भगवान के किए दर्शन, प्रदेश की खुशहाली का मांगा आशीर्वाद

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 03, 2026
10:12 AM
पत्नी के साथ भगवान के किए दर्शन, प्रदेश की खुशहाली का मांगा आशीर्वाद

भोपाल। कृष्ण जन्मोत्सव यानि जन्माष्टमी के पावन पर्व से ठीक पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सपरिवार गुजरात की देवभूमि द्वारका पहुंचे। जहां उन्होंने प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पत्नी सीमा यादव के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की।

द्वारकाधीश के दर्शन को बताया सौभाग्य

भगवान की पूजा अर्चना करने के बाद सीएम डाॅ. यादव ने मंदिर परिसर में स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी से ठीक पहले भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन और पूजा का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। डॉ. यादव ने कहा कि द्वारका सनातन संस्कृति के चार धामों में शामिल प्रमुख तीर्थस्थल है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में आकर आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का अनुभव होता है।

उज्जैन में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या का दिया उदाहरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है। मध्यप्रदेश में उज्जैन के श्री महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इसके निर्माण के बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है और वर्तमान में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री वहां पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। धार्मिक स्थलों के विकास से आस्था के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

मध्यप्रदेश में तीर्थस्थलों के विकास पर जोर

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, आवागमन, ठहरने, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए देवस्थानों पर अधोसंरचना को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जा रहा है।

सनातन संस्कृति के गौरव को आगे बढ़ाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने और प्रमुख धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें