आतंक के तार वाराणसी तक? : मुंबई एटीएस ने नीट अभ्यर्थी को 8 घंटे तक खंगाला, टेरर नेवर्क पर बड़ा एक्शन

मुंबई। मुंबई से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क मामले में महाराष्ट्र एटीएस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए वाराणसी में बड़ी कार्रवाई की। इस संयुक्त ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम भी शामिल रही। एजेंसियों ने वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक घर पर छापेमारी कर 18 वर्षीय नीट अभ्यर्थी से करीब आठ घंटे तक गहन पूछताछ की।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मुंबई में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई है, जिसमें पहले ही एक कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्र को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। उसी गिरफ्तारी के बाद सामने आए डिजिटल सुरागों के आधार पर वाराणसी के युवक का नाम जांच में जुड़ा।
युवक द्वारा शेयर की जा रही थी राष्ट्रविरोधी सामग्री
जांच एजेंसियों का फोकस एक संदिग्ध डिजिटल नेटवर्क पर है, जो एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए संचालित हो रहा था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि संबंधित युवक एक टेलीग्राम चैनल और कई व्हाट्सएप ग्रुप्स में सक्रिय था, जहां कथित तौर पर सरकार विरोधी और राष्ट्रविरोधी सामग्री साझा की जा रही थी।
कुछ यूजर्स के जैश से जुड़े होने की आशंका
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, यह भी सामने आया है कि इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए कुछ यूजर्स के कथित संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क से हो सकते हैं। हालांकि, एजेंसियां अभी सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान हाथ लगे अहम
छापेमारी के दौरान टीम ने घर से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और एक प्रिंटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इन सभी डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि डिजिटल गतिविधियों और संभावित संपर्कों का पता लगाया जा सके।
पूछताछ के लिए युवक को समन जारी
अभी तक संबंधित युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उसे 22 अप्रैल को मुंबई एटीएस के सामने पेश होकर आगे की पूछताछ में शामिल होने के लिए समन जारी किया गया है। एजेंसियों का कहना है कि जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लिंक की भी पड़ताल की जा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
