ओमान के समुद्र में निशाना बना भारतीय जहाज : एक नाविक की गई जान, 13 को बचाया सुरक्षित, भारत ने दी तीखी प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान के समुद्री क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक कार्गो जहाज पर हमला हुआ है। जहाज 14 नाविक सवार थे, जिसमें से एक की मौत हो गई है और 13 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारतीय जहाज को सोमवार को निशाना बनाया गया। भारत सरकार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद चिंताजनक बताया है। घटना की पुष्टि केन्द्रीय शिपिंग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने की।
भारतीय दूतावास ने संभाली जिम्मेदारी
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहा है। दूतावास ओमान के अधिकारियों के संपर्क में है और बचाए गए भारतीय नागरिकों के साथ मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भारत ने कहा- समुद्री व्यापार पर हमले बंद हों
भारत ने व्यावसायिक जहाजों और अंतरराष्ट्रीय समुद्री बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने का कड़ा विरोध किया है। विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में तत्काल तनाव कम करने और विवादों का कूटनीतिक समाधान निकालने की अपील की है। भारत का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत समुद्री मार्गों पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और वैश्विक व्यापार बिना किसी बाधा के जारी रहना चाहिए।
पश्चिम एशिया संघर्ष में 22 भारतीयों की मौत
गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 28 अक्टूबर को प्रेस वार्ता में पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान 22 भारतीय नागरिकों की मौत की जानकारी दी थी। इनमें 14 नाविक शामिल बताए गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पश्चिम एशिया में काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भारत अब कूटनीतिक स्तर पर हालात पर नजर बनाए हुए है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
