बुधवार, 22 अप्रैल 202610:20:57 AM
Download App
Home/देश

भक्तों के लिए खुले केदारनाथ धाम के कपाट : पीएम मोदी की शुभकामनाएं, स्वच्छता से लेकर लोकल उत्पादों तक पर दिया जोर

admin

admin

Apr 22, 2026
06:10 AM
पीएम मोदी की शुभकामनाएं, स्वच्छता से लेकर लोकल उत्पादों तक पर दिया जोर

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में स्थित पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए बाबा केदार से सभी की सुख-समृद्धि और सुरक्षित यात्रा की कामना की। उन्होंने चारधाम यात्रा को भारत की सनातन संस्कृति, आस्था और एकता का दिव्य उत्सव बताया।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरुआत पहले ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से हो चुकी है, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट भी जल्द खुलेंगे। उन्होंने इसे भारतीय सांस्कृतिक चेतना का भव्य प्रतीक बताया और आदि शंकराचार्य जैसे संतों के योगदान को याद किया।

पीएम मोदी ने भक्तों से पांच संकल्प अपनाने की अपील

पीएम मोदी ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं से पांच महत्वपूर्ण संकल्प अपनाने की अपील की। पहला संकल्प ‘स्वच्छता सर्वोपरि’ का है, जिसमें यात्रियों से धाम और आसपास सफाई बनाए रखने, नदियों को स्वच्छ रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक से दूर रहने का आग्रह किया गया। दूसरा संकल्प पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा है, जिसमें ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे प्रयासों के माध्यम से प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने की बात कही गई।

तीसरे संकल्प में सेवा और सहयोग की भावना पर जोर देते हुए उन्होंने यात्रियों से प्रतिदिन किसी न किसी रूप में सेवा कार्य करने और सहयात्रियों की मदद करने को कहा। चैथे संकल्प के तहत स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों से अपने खर्च का कम से कम 5ः हिस्सा स्थानीय उत्पादों पर खर्च करने की अपील की गई। पांचवें और अंतिम संकल्प में यात्रा के नियमों और यातायात निर्देशों का पालन करने की बात कही गई, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

पीएम मोदी ने डिजिटल उपवास का दिया सुझाव

पीएम मोदी ने डिजिटल उपवास का भी सुझाव दिया, जिससे यात्री उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता का वास्तविक अनुभव कर सकें। अपने संदेश के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि इन संकल्पों के साथ की गई चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में नई ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें