धार्मिक नगरी में श्रद्धा-भक्ति का संगम : बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे भोजपुरी एक्टर, फिल्म अभिनेता ने भी टेका माथा

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का विशेष संगम देखने को मिला, जब भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उनके साथ-साथ फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा ने भी में मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रवि किशन सुबह मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और गर्भगृह की चैखट से भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा करते हुए नंदी हॉल में नंदी महाराज के कानों में अपनी मनोकामनाएं भी कही। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया और उन्हें शॉल तथा श्रीफल भेंट किया गया।
बाबा के चरणों में आकर जीवन हुआ धन्यः रवि किशन
दर्शन के बाद रवि किशन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बाबा महाकाल के चरणों में आकर जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि यह उनके लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है। सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर सहित पूरे देश की जनता के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कहा कि महाकाल के आशीर्वाद से भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अंत में “नमो पार्वती पतये” के जयघोष के साथ सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
अभिनेता ने भागवान के प्रति व्यक्त किया आभार

इसी क्रम में बीती रात प्रसिद्ध अभिनेता संजय मिश्रा भी उज्जैन पहुंचे और महाकाल मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने भगवान महाकाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार में हाल ही में विवाह समारोह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके लिए वे बाबा महाकाल के चरणों में धन्यवाद देने आए हैं। संजय मिश्रा के साथ अभिनेता विक्रम प्रताप भी मौजूद थे।
संजय मिश्रा पहले भी आ चुके हैं मंदिर
संजय मिश्रा इससे पहले भी विवाह से पूर्व आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर आ चुके हैं। लगातार दूसरी बार आकर उन्होंने अपनी आस्था और विश्वास को दोहराया। महाकालेश्वर मंदिर में दोनों कलाकारों की उपस्थिति के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला और वातावरण पूरी तरह भक्ति भाव से भर गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
