बुधवार, 22 अप्रैल 202611:53:15 AM
Download App
Home/देश

जब इश्क में बना ‘ट्रिपल एग्रीमेंट’ : सिवनी में वैवाहिक रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं पर छिड़ी नई बहस

admin

admin

Apr 22, 2026
10:04 AM
सिवनी में वैवाहिक  रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं पर छिड़ी नई बहस

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वैवाहिक रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं पर नई बहस छेड़ दी है। केवलारी थाना क्षेत्र के इस अनोखे घटनाक्रम में एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी। इतना ही नहीं, पति, पत्नी और प्रेमीकृतीनों ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी सहमति भी दर्ज कराई।

शादी के बाद बदले समीकरण

जानकारी के मुताबिक, अहरवाड़ा गांव के रहने वाले शंशाक लखेरा का विवाह अप्रैल 2024 में अपूर्वा लखेरा से हुआ था। शुरुआती दिनों में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद हालात बदलने लगे। अपूर्वा का गांव के ही युवक जयदीप तिवारी के साथ प्रेम संबंध विकसित हो गया। दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया, जिससे मामला धीरे-धीरे गंभीर हो गया।

समझाइश के बावजूद नहीं बदला फैसला

परिवार और समाज के लोगों ने कई बार अपूर्वा और जयदीप को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके निर्णय पर कोई असर नहीं पड़ा। अंततः मामला पुलिस तक पहुंचा। 17 अप्रैल को तीनों पक्ष केवलारी थाने पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी-अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी।

पत्नी ने जताई अपनी इच्छा

थाने में अपूर्वा लखेरा ने लिखित आवेदन देकर कहा कि वह जयदीप तिवारी से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी इच्छा से अपने पति का घर छोड़ रही है और इस फैसले के लिए उस पर कोई दबाव नहीं है।

पति ने दी सहमति, प्रेमी ने उठाई जिम्मेदारी

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चैंकाने वाली बात यह रही कि पति शंशाक लखेरा ने भी अपनी पत्नी के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने लिखित रूप में कहा कि वह अपनी पत्नी को उसकी इच्छा के अनुसार प्रेमी के साथ जाने की अनुमति देते हैं। वहीं, जयदीप तिवारी ने भी आवेदन देकर अपूर्वा को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करने और उसकी पूरी जिम्मेदारी उठाने की बात कही।

सामाजिक चर्चा का विषय बना मामला

पुलिस के अनुसार, तीनों पक्षों की सहमति के चलते इसे आपसी समझौते का मामला माना गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा को जन्म दिया है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और बदलते सामाजिक मूल्यों का प्रतीक मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे पारंपरिक रिश्तों के लिए चुनौती के रूप में देख रहे हैं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें