टीएमसी का दीपक बुझने वाला है : दमदम की रैली में पीएम मोदी का तीखा प्रहार, बदलाव का भी किया ऐलान

दमदम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान होने के बाद दलों के दिग्गज नेता दूसरे चरण सीटों पर अपना फोकस कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले के दमदम में दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी औ टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला।
दमदम की रैली में प्रधानमंत्री मोदी का पूरा भाषण आक्रामक राजनीतिक संदेशों, भ्रष्टाचार के आरोपों और विकास के वादों से भरा रहा। उन्होंने साफ कहा कि बंगाल को “भय, भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज” से मुक्त कराना भाजपा का लक्ष्य है और जनता के वोट से ही यह बदलाव संभव है। पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल में “परिवर्तन की लहर” अब स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने “टीएमसी की हार का शंखनाद” कर दिया है और अब दूसरे चरण में जनता को “विजय ध्वज” फहराना है।
टीएमसी का दीया बुझने वाला है”: मोदी का बड़ा बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति अब कमजोर हो चुकी है और वह “बुझते दीपक की तरह फड़फड़ा रही है।” उन्होंने दावा किया कि टीएमसी अपने कार्यकर्ताओं को डर और दबाव में चुनावी माहौल बिगाड़ने के लिए उकसा रही है। मोदी ने कहा कि 4 मई को परिणाम आने के बाद टीएमसी के “गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल की जनता अब “भय और भ्रष्टाचार से आजादी” चाहती है।
महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर निशाना
प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देती है। उन्होंने संदेशखाली की घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपा महिलाओं को न्याय और नेतृत्व का अवसर दे रही है। मोदी ने कहा कि टीएमसी शासन में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं, जबकि भाजपा सरकार आने पर हर अन्याय और अत्याचार की फाइल खोली जाएगी।
विकास और कल्याण योजनाओं का वादा
मोदी ने अपने भाषण में कई कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू होगी, जिससे लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और मध्यम वर्ग को घर देने का वादा किया गया। उन्होंने कहा कि घर महिलाओं के नाम पर होगा ताकि सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने “प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना” का भी उल्लेख किया, जिसके तहत सोलर पैनल लगाने पर 80,000 तक की सहायता दी जाएगी और बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है।
रोजगार और उद्योग पर आरोप
मोदी ने टीएमसी सरकार पर बंगाल में उद्योगों के पतन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक समय कोलकाता औद्योगिक और खेल का बड़ा केंद्र था, लेकिन अब युवाओं का पलायन बढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी ने 2,000 बड़े उद्योग लाने का वादा किया था, लेकिन वास्तविकता में फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संदर्भ
प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा की जड़ें बंगाल की विचारधारा से जुड़ी हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने का जिक्र करते हुए इसे भाजपा की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
