नया रायपुर की सड़कों पर कथित स्टंटबाजी का वीडियो वायरल : सोशल मीडिया पर उठे सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक कथित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक नया रायपुर की सार्वजनिक सड़क पर बाइक चलाते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठी युवती के साथ आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कई यूजर्स का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
वायरल वीडियो में युवक कथित तौर पर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए बाइक चलाता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो नया रायपुर की उन सड़कों पर रिकॉर्ड किया गया है, जहां नियमित रूप से आम लोगों का आवागमन रहता है।
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या लोकप्रियता हासिल करने या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों का इस तरह इस्तेमाल करना उचित है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि सड़क सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
