राहुल ने रायबरेली में लगाई जनता दरबार : भुएमऊ गेस्ट हाउस में सुबह से जुटे फरियादी, बारी-बारी से सुनी समस्याएं

रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपनी संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। दौरे के अंतिम दिन यानि बुधवार को राहुल ने भुएमऊ गेस्ट हाउस जनता दरबार लगाई और उनकी समस्याएं सुनीं। सुबह 9 बजे से शुरु हुए जनता में जनता दरबार में राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनी और निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों ने रायबरेली में विकास कार्यों और विभिन्न मांगों से रूबरू कराया। गेस्ट हाउस के बाहर लोगों की लंबी कतार लगी रही और सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक-एक कर लोगों को अंदर जाने दिया गया।
सपा नेताओं ने भी की मुलाकात
जनता दरबार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की राहुल गांधी से मुलाकात ने कांग्रेस और सपा के बीच स्थानीय स्तर पर राजनीतिक तालमेल की तस्वीर भी पेश की।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए रायबरेली के राजेंद्र यादव के नाम पर स्मारक और चैराहा बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि शहीद राजेंद्र यादव की स्मृति में अब तक रायबरेली में कोई प्रतिमा या स्मारक नहीं बन सका है। राहुल गांधी से उन्होंने इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
महिला कांग्रेस ने बांधी राखी
जनता दरबार में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। रायबरेली महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने उन्हें राखी बांधकर तिलक लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को वर्ष 2029 में प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है और इसके लिए संगठन पूरी ताकत से काम कर रहा है।
शहीद स्मारक और विकास कार्यों का मुद्दा
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने ज्ञापन सौंपकर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की विरासत को संरक्षित करने की मांग की। उन्होंने मुंशीगंज शहीद स्मारक के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा कराने का मुद्दा भी उठाया।
सर्राफा कारोबार में गिरावट पर चिंता
इससे पहले मंगलवार रात राहुल गांधी ने सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक की थी। व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में करीब 50 प्रतिशत गिरावट की बात रखते हुए बढ़े जीएसटी का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने भरोसा दिया कि सोने-चांदी पर जीएसटी से जुड़ी व्यापारियों की चिंता को संसद में उठाया जाएगा।
दौरे के अंतिम दिन राहुल गांधी सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में शामिल होंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
