चैरिटी मैच में ताजा हुईं 1996 विश्व कप की यादें : 62 के रणतुंगा की गेंद, 54 के चंदना की फुर्ती, हैरान रग गए फैंस

कोलंबो। बंदर कितना भी बूढ़ा क्यों न हो जाए, लेकिन गुलाटी मारना नहीं भूलता। इस कहावत को चरितार्थ किया है श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर उपुल चंदना ने। उन्होंने 54 साल की उम्र में ऐसा जबरदस्त डाइविंग कैच पकड़ा कि देखने वाले दंग रह गए। यहां पर खास बात यह रही कि गेंदबाजी करने वाले 62 वर्षीय पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा थे। कोलंबो में हुए चैरिटी मैच के दौरान दोनों दिग्गजों ने अपने पुराने क्रिकेटिंग अंदाज की झलक दिखा दी। चंदना की फुर्ती और हवा में छलांग लगाकर कैच पकड़ने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के मुताबिक, यह मुकाबला 23 अगस्त को कोलंबो के थर्स्टन कॉलेज मैदान पर आयोजित चैरिटी मैच के दौरान हुआ। मैच में श्रीलंका के कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एक बार फिर मैदान पर उतरे थे। इसी दौरान रणतुंगा गेंदबाजी करने आए और बल्लेबाज के शॉट पर चंदना ने अपनी पुरानी फील्डिंग का जलवा दिखा दिया।
हवा में उड़े चंदना, एक हाथ से लपका मुश्किल कैच
वीडियो में बल्लेबाज के शॉट खेलते ही चंदना तेजी से गेंद की दिशा में बढ़ते दिखाई देते हैं। इसके बाद उन्होंने हवा में छलांग लगाते हुए शानदार डाइव लगाई और कैच अपने कब्जे में कर लिया। 54 साल की उम्र में उनकी फुर्ती देखकर मैदान में मौजूद लोग और क्रिकेट प्रशंसक भी हैरान रह गए। कभी अपनी बेहतरीन फील्डिंग और लेग स्पिन के लिए पहचाने जाने वाले चंदना ने इस कैच के जरिए साबित कर दिया कि उनका क्रिकेटिंग क्लास अब भी बरकरार है।
1996 वर्ल्ड कप की यादें हुईं ताजा
उपुल चंदना ने 1994 से 2007 तक श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया। वह 1996 में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम का हिस्सा भी रहे थे। उस टूर्नामेंट में अर्जुन रणतुंगा की कप्तानी में श्रीलंका ने विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई थी। करीब तीन दशक बाद रणतुंगा की गेंद पर चंदना का कैच देखकर उस दौर के प्रशंसकों को 1996 विश्व कप की सुनहरी यादें फिर ताजा हो गईं।
अल्जाइमर फाउंडेशन के लिए हुआ मुकाबला
कोलंबो में आयोजित यह चैरिटी मैच लंका अल्जाइमर फाउंडेशन के लिए फंड जुटाने के उद्देश्य से खेला गया। मुकाबले में कई पूर्व क्रिकेट सितारों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
रणतुंगा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 93 टेस्ट में 5,105 रन और 269 वनडे में 7,456 रन बनाए। वहीं चंदना ने 16 टेस्ट में 37 विकेट और 616 रन तथा 147 वनडे में 151 विकेट और 1,627 रन दर्ज किए। इस मैच का वायरल कैच भले ही कुछ सेकंड का था, लेकिन उसने पुराने क्रिकेट युग की यादों को फिर से जीवंत कर दिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
