छत्तीसगढ़ की मूसलाधार बारिश का असर गढ़चिरौली तक : दुर्गम क्षेत्र की नदियां उफनाई, कई इलाके जलमग्न, 525 लोगों को सुरक्षित बचाया

गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ में हुई लगातार मूसलाधार बारिश का असर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के दुर्गम इलाकों में देखने मिला। मूसलाधार बारिश के कारण भामरागढ़ क्षेत्र की नदियां जहां उफान पर आ गई है। वहीं कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार दोपहर से देर रात तक चले अभियान में 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा के मार्गदर्शन और तहसीलदार किशोर बागड़े के नेतृत्व में प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर और मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
बीमार छात्रा के लिए बनी चुनौती
बाढ़ के बीच एक बीमार छात्रा को अस्पताल पहुंचाना प्रशासन और बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बन गया। बिनागोंडा आश्रमशाला में पढ़ने वाली छात्रा की तबीयत खराब होने के बाद उसे उपचार की जरूरत थी।
बाढ़ के कारण रास्ते प्रभावित होने के बावजूद एनडीआरफ की टीम की मदद से छात्रा को गुंडेनूर नाला पार कराया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से लाहेरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
पानी उतरने लगा, लेकिन खतरा बरकरार
भामरागढ़ क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया था। हालांकि अब पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है और स्थिति में सुधार के संकेत हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से पानी बह रहे रास्तों को पार नहीं करने की भी अपील की है।
बीजापुर में भी बारिश से बिगड़े हालात
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जिला कलेक्टर विश्वदीप के मुताबिक, पिछले दो दिनों से भारी बारिश जारी है और अगले दो दिनों में भी बारिश की संभावना है। संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
