कटनी की 12 किमी वॉटर टनल पर CM का बड़ा बयान : TV27 न्यूज़ से बोले—यह विकास का नया अध्याय

कटनी / दीपा श्रीवास्तव । कटनी जिले में तैयार हुई देश की सबसे लंबी 12 किलोमीटर की स्लीमनाबाद वॉटर टनल के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने TV27 News से एक्सक्लूसिव बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नर्मदा का पानी विंध्य क्षेत्र तक पहुंचाने वाली यह परियोजना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और इससे लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
विंध्य के लिए बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक इंजीनियरिंग उपलब्धि नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला है। लंबे समय से जिस योजना का इंतजार किया जा रहा था, वह अब पूरी हो चुकी है और इसके शुरू होने से सिंचाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा।
सिंचाई के लिए मिलेगा पर्याप्त पानी
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, रीवा और पन्ना सहित छह जिलों के करीब 1450 गांवों की 2.45 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इससे किसानों की लागत कम होगी और कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है।
चुनौतीपूर्ण रही परियोजना
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण इस परियोजना को पूरा करने में लगभग 17 वर्ष लगे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सिंचाई के लिए निर्माण एजेंसियों ने इसे सफलतापूर्वक पूरा किया।
जल संकट वाले क्षेत्रों तक पंहुचेगा पानी
मुख्यमंत्री का कहना है कि नर्मदा के जल का बेहतर उपयोग कर प्रदेश के जल संकट वाले क्षेत्रों तक पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और वॉटर टनल इस दिशा में एक बड़ा कदम है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
