अपील की अनदेखी या ताकत का प्रदर्शन? : उज्जैन से भारी काफिले के साथ भोपाल पहुंचे सौभाग्य सिंह ठाकुर, शहर में ट्रैफिक बेकाबू

भोपाल। देश में ईंधन की बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समय-समय पर की जाने वाली अपील एक बार फिर चर्चा में है। पीएम मोदी ने हाल ही में वैश्विक परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों के बीच नागरिकों से पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधनों का अनावश्यक उपयोग कम करने की सलाह दी थी। हालांकि, मध्यप्रदेश में सामने आए एक मामले ने इस अपील के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर ने पीएम मोदी की अपील को दरकिनार करते हुए पदभार ग्रहण करने के लिए लगभग 200 से अधिक वाहनों का बड़ा काफिला लेकर भोपाल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, ठाकुर उज्जैन से भोपाल तक इसी भारी काफिले के साथ पहुंचे। इस दौरान हाईवे और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भाजपा कार्यालय के पास घंटो बाधित रहा यातायात
भोपाल शहर के बोर्ड ऑफिस चैराहा, अरेरा हिल्स, डीबी मॉल और बीजेपी कार्यालय के आसपास घंटों तक यातायात बाधित रहा। तेज गर्मी के बीच जाम में फंसे यात्रियों, स्कूल से लौटते बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा झेलनी पड़ी। कई जगहों पर एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होने की खबरें सामने आईं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। एक ओर जहां प्रधानमंत्री की ईंधन बचत की अपील को जन-जागरूकता से जोड़ा जाता है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के बड़े काफिलों को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या इसका संदेश जमीनी स्तर पर सही तरीके से लागू हो पा रहा है या नहीं।
पार्टी की ओर से नहीं आई को प्रतिक्रिया
हालांकि, इस मामले पर अभी तक पार्टी की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन यह घटना प्रशासनिक आयोजनों में भीड़ और संसाधनों के उपयोग को लेकर नई बहस जरूर छेड़ गई है। आम जनता के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि क्या सार्वजनिक पद ग्रहण जैसे आयोजनों में सादगी और अनुशासन की जरूरत नहीं है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
