भाजपा कोर कमेटी मीटिंग : बैठक छोड़कर अचानक दिल्ली रवाना हुए सिंधिया, राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म, चर्चा में मंत्री की मौजूदगी भी

भोपाल। मध्यप्रदेश बीजेपी की नवगठित प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुई। इस बैठक में संगठन और सरकार के बीच समन्वय, राजनीतिक नियुक्तियों और आगामी रणनीतियों जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। बैठक का नेतृत्व राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। खास बात यह रही की सिंधिया अचानक बैठक छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बीच में ही दिल्ली के लिए रवाना होना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि उनके अचानक जाने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इसे लेकर अटकलें तेज हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान और संगठन महामंत्री अजय जामवाल अन्य व्यस्तताओं के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सके।
राजनीतिक नियुक्तियों पर असंतोष, दिल्ली पर टिकी नजर
बैठक में कई सदस्यों ने निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की। कुछ नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के नाम आगे बढ़ाने की कोशिश भी की। इस पर शिवप्रकाश ने स्पष्ट कहा कि यह मामला फिलहाल दिल्ली स्तर पर लंबित है और इस पर आगे की बात प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से ही होगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सुझाव दिया कि सभी मंत्री और विधायक नियमित रूप से क्षेत्रीय कार्यालयों में जनता और कार्यकर्ताओं से मिलें। इसका उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बढ़ती दूरी को कम करना है।
नारी वंदन अधिनियम पर एकजुटता
बैठक में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा प्रस्तावित नारी वंदन अधिनियम पर भी चर्चा हुई। सभी नेताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसके समर्थन में प्रदेश स्तर पर व्यापक प्रयास करने की बात कही। बैठक में यह भी तय किया गया कि अब प्रदेश कोर कमेटी हर दो महीने में बैठक करेगी, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक फैसलों पर समय रहते निर्णय लिया जा सके।
उइके की मौजूदगी भी चर्चा में
मंत्री संपतिया उइके की मौजूदगी भी खास चर्चा में रही, खासकर उनके विभाग से जुड़े पिछले विवादों को लेकर। इस बैठक ने साफ कर दिया है कि मध्यप्रदेश बीजेपी आने वाले समय में संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने के साथ-साथ राजनीतिक रणनीति को और धार देने की तैयारी में है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
