भस्मासुर हैं राहुल गांधी : भाजपा प्रवक्ता का तीखा हमला, स्टिंग आॅपरेशन का हवाला देकर कांग्रेस पर भी किया वार

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक निजी मीडिया चैनल के स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रेस काॅन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों पर हिंसक प्रदर्शनों और अराजकता को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी दावा किया कि स्टिंग ऑपरेशन में सामने आए कुछ लोगों के संबंध कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से जुड़े हुए हैं।
गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें भस्मासुर कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहते हैं और सत्ता हासिल करने के लिए देश में अराजकता फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। देश की ताकत लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान के प्रति सम्मान और राजनीतिक स्थिरता है। वहीं, उनके मुताबिक विपक्ष की राजनीति इन व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचा रही है।
स्टिंग ऑपरेशन के जरिए लगाए गंभीर आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौलाना सिराज खान और मुस्लिम स्टूडेंट फेडरेशन के दिल्ली विश्वविद्यालय अध्यक्ष शाफवान का जिक्र किया। उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर सामने आए बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंसक विरोध-प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं।
भाटिया ने दावा किया कि इन बयानों से विपक्षी दलों से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि देश में हिंसा, आगजनी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महिलाओं को प्रदर्शन में आगे करने की रणनीति का आरोप
गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि विरोध-प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं को आगे करके पुलिस की कार्रवाई को प्रभावित करने की रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने इसे महिलाओं का राजनीतिक इस्तेमाल बताया। उन्होंने राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मी के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब और स्वतंत्र पुष्टि सामने आना जरूरी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
