India’s Got Latent Season 2 : समय रैना के शो की शूटिंग शुरू, सेट से पहली तस्वीर वायरल, फैंस बोले- अब इंतजार नहीं होता

कॉमेडियन समय रैना ने अपने पॉपुलर यूट्यूब शो ‘India’s Got Latent’ को लेकर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शो के सेट से पहली तस्वीर शेयर कर यह कन्फर्म कर दिया है कि ‘India’s Got Latent Season 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
सेट से सामने आई पहली झलक
समय रैना ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए शो के नए सीजन की झलक दिखाई। फोटो में वह माइक्रोफोन के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पीछे कॉमेडियन बलराज घई भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, बाकी पैनलिस्ट्स के चेहरों को जानबूझकर छिपाया गया है ताकि शो का सस्पेंस बना रहे। इस तस्वीर में आशीष सोलंकी की हल्की झलक भी देखने को मिली। फोटो के साथ समय रैना ने मजाकिया अंदाज में लिखा “उसकी भी शूटिंग चल रही है दोस्तों।”

फैंस में बढ़ी उत्सुकता
इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है। लोग लगातार नए सीजन के कंटेस्टेंट्स और जजेस को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पहले भी वायरल हुई थी सेट की फोटो
कुछ समय पहले शो के सेट से जुड़ी एक कथित तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी को पैनल में बैठा हुआ दिखाया गया था। उनके साथ बलराज घई और आशीष सोलंकी भी नजर आए थे। हालांकि, अभी तक मेकर्स की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

विवादों के बाद वापसी
फरवरी 2025 में ‘India’s Got Latent’ उस समय विवादों में आ गया था, जब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया एक एपिसोड में नजर आए थे। उनके कुछ बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिसके बाद भारी विरोध देखने को मिला। इसके बाद समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और शो से जुड़े कई लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। बढ़ते विवाद के चलते समय रैना ने शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए थे।
वापसी के साथ नया चैप्टर
मार्च में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने पॉडकास्ट पर वापसी की थी। वहीं समय रैना ने अप्रैल में अपने स्टैंड-अप शो ‘Still Alive’ से कमबैक किया। इसी शो के दौरान उन्होंने ‘India’s Got Latent Season 2’ की वापसी का ऐलान भी किया था, जिसे फैंस ने जोरदार तालियों के साथ स्वीकार किया था। अब शूटिंग शुरू होने के साथ ही फैंस को नए सीजन का बेसब्री से इंतजार है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
