पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाना पड़ रहा भारी : दुकानदार को जान से मारने मिल रही धमकियां, इंटरनेशन नंबरों से आ रहे काल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक हैरान वाला मामला सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी दुकान पर झालमुड़ी खिलाने के बाद सुर्खियों में आए एक स्थानीय दुकानदार को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस घटना ने न केवल उस दुकानदार बल्कि उसके पूरे परिवार को गहरे डर और तनाव में डाल दिया है।
बता दें कि 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। रैली समाप्त होने के बाद जब उनका काफिला लौट रहा था, तभी वे अचानक सड़क किनारे स्थित एक झालमुड़ी की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने दुकानदार बिक्रम साऊ से बातचीत की और उसके हाथ से बनी झालमुड़ी का स्वाद लिया।
पीएम से मुलाकात के बाद चर्चित चेहरा बन गए थे विक्रम
इस मुलाकात के बाद बिक्रम साऊ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। कुछ ही घंटों में वह आम दुकानदार से एक चर्चित चेहरा बन गया और उसकी दुकान पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। शुरुआत में यह लोकप्रियता उसके लिए खुशी का कारण बनी, लेकिन अब वही पहचान उसके लिए परेशानी का सबब बन गई है।
गंभीर परिणाम भुगतने मिल रहीं धमकियां
दुकानदार का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन और व्हाट्सएप वीडियो कॉल्स आ रहे हैं। इन कॉल्स में उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
धमकियों से भयभीत परिवार
लगातार मिल रही इन धमकियों से परिवार भयभीत है और सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कॉल्स के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर अचानक मिली लोकप्रियता के इस खतरनाक पहलू पर चर्चा कर रहे हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
