रविवार, 17 मई 202607:19:27 AM
Download App
Home/देश

देश की बड़ी खबरें : चांदी आयात पर सख्ती, महंगाई की मार, पीएम मोदी का नीदरलैंड दौरा और ट्रेन में लगी आग

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 17, 2026
05:04 AM
चांदी आयात पर सख्ती, महंगाई की मार, पीएम मोदी का नीदरलैंड दौरा और ट्रेन में लगी आग

देशभर में रविवार को कई बड़ी घटनाएं और फैसले चर्चा में रहे। एक तरफ केंद्र सरकार ने चांदी के आयात नियमों को सख्त करते हुए कई श्रेणियों को “फ्री” से हटाकर “रिस्ट्रिक्टेड” कैटेगरी में डाल दिया है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड दौरे पर भारतीय समुदाय को संबोधित करते नजर आए, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे।

चांदी के आयात पर सरकार की सख्ती

भारत सरकार ने चांदी के आयात को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली सिल्वर बार, अनव्रॉट सिल्वर, सेमी-मैन्युफैक्चर्ड सिल्वर और पाउडर फॉर्म में चांदी के आयात के लिए पहले से सरकारी अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सरकार ने इन श्रेणियों को “फ्री” आयात नीति से हटाकर “रिस्ट्रिक्टेड” कैटेगरी में शामिल कर दिया है।

नई व्यवस्था ITC (HS) वर्गीकरण के तहत लागू की गई है। इसके बाद बिना सरकारी मंजूरी किसी भी शिपमेंट को क्लियरेंस नहीं मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे चांदी की सप्लाई चेन पर नियंत्रण मजबूत होगा और बढ़ते आयात बिल में कमी लाने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी का नीदरलैंड में जोरदार स्वागत

प्रधानमंत्री इन दिनों नीदरलैंड दौरे पर हैं। द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वहां मौजूद लोगों का प्यार और उत्साह देखकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वे भारत के किसी उत्सव में शामिल हो। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने वैश्विक ऊर्जा संकट और खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि हालात नहीं बदले तो आने वाले समय में दुनिया के कई देशों को आर्थिक चुनौतियों और गरीबी का सामना करना पड़ सकता है।

राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, मचा हड़कंप

त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही ट्रेन के दो कोच में रविवार सुबह आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई। बताया गया कि सुबह करीब 5:30 बजे बी-1 कोच में आग लगी, जिसके बाद गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी और ट्रेन को रोका गया। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

महंगाई ने बिगाड़ा घर का बजट

देश में लगातार बढ़ती महंगाई अब आम परिवारों की रसोई तक पहुंच गई है। दूध के बाद अब तेल, मसाले, चायपत्ती और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं के दामों में भी तेजी देखी जा रही है। पिछले दो महीनों में कई घरेलू उत्पादों की कीमतों में 10 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खाने के तेलों में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है। मूंगफली 160 रुपए से बढ़कर 200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं रिफाइंड ऑयल और सरसों तेल के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। मसालों में जीरा, लाल मिर्च और हल्दी के दामों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।

अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा आज से

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। 17 से 19 मई तक प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वे रायपुर और बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें