अमित शाह का बस्तर दौरा क्यों है खास? : नक्सलवाद के गढ़ में विकास की दस्तक

छत्तीसगढ़ की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज़ से 18-19 मई का दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर पहुंचना केवल एक प्रशासनिक यात्रा नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की उस रणनीति का सार्वजनिक प्रदर्शन है, जिसमें अब “नक्सल प्रभावित बस्तर” को “विकसित बस्तर” में बदलने की तैयारी दिखाई दे रही है।
बस्तर की बदलती तस्वीर
इस दौरे की सबसे बड़ी तस्वीर यही है कि जहां कभी सुरक्षा बलों के कैंप भय और संघर्ष की पहचान माने जाते थे, वहीं अब उसी CRPF कैंप को “जन सुविधा केंद्र” में बदला जा रहा है। यह बदलाव सिर्फ नाम का नहीं, बल्कि सोच का संकेत है। केंद्र सरकार यह संदेश देना चाहती है कि बस्तर अब बंदूक और बारूद की पहचान से बाहर निकलकर विकास, विश्वास और संवाद की तरफ बढ़ रहा है।
CRPF कैंप अब जन सुविधा केंद्र
नेतानार गांव में CRPF कैंप का उद्घाटन और उसका जन सुविधा केंद्र के रूप में नामकरण प्रतीकात्मक रूप से बहुत बड़ा कदम माना जा रहा है। यह बताता है कि सरकार अब सुरक्षा मॉडल को “जन भागीदारी मॉडल” में बदलने की कोशिश कर रही है। यानी कैंप अब सिर्फ सुरक्षा चौकी नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए सुविधाओं और भरोसे का केंद्र बनेंगे।
अमित शाह करेगे संवाद
इस दौरे का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है संवाद, अमित शाह नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों, दूसरे राज्यों से आए पुलिस अधिकारियों, नक्सल पीड़ित परिवारों, शहीद जवानों के परिजनों, पत्रकारों और समाज प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। इसका राजनीतिक अर्थ साफ है— केंद्र सरकार बस्तर मे सिर्फ सैन्य सफलता नहीं, बल्कि सामाजिक स्वीकार्यता भी दिखाना चाहती है।
मुख्य सचिव देगे प्रेजेंटेशन
मुख्य सचिव द्वारा बस्तर के विकास पर प्रेजेंटेशन दिया जाना भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि अब बस्तर को केवल सुरक्षा चुनौती नहीं, बल्कि विकास मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंटरनेट और रोजगार जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र में लाने की कोशिश की जाएगी।
मध्य क्षेत्रीय बैठक का महत्व
दौरे के दूसरे दिन होने वाली मध्य क्षेत्रीय बैठक इस यात्रा को और बड़ा राजनीतिक महत्व देती है। इसमे योगी आदित्यनाथ , मोहन यादव , पुष्कर सिंह धामी और विष्णु देव साय की मौजूदगी बताती है कि केंद्र अब आंतरिक सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को एक साथ जोड़कर देखने की रणनीति पर काम कर रहा है।
नक्सलवाद की ख़त्म होती कहानी
राजनीतिक रूप से देखें तो यह दौरा भाजपा सरकार के लिए “नक्सलवाद खत्म होने की कहानी” को मजबूत करने का अवसर भी है। बस्तर लंबे समय तक देश की सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौती माना जाता रहा है। ऐसे मे अमित शाह का लगातार बस्तर पर फोकस करना आने वाले समय मे भाजपा के लिए एक बड़े राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बन सकता है। कुल मिलाकर, यह दौरा केवल सरकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि एक बड़ा संदेश है— “बदलता बस्तर, बदलती तस्वीर और खत्म होता लाल आतंक
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
