शनिवार, 11 अप्रैल 202603:18:54 PM
Download App
Home/विदेश

मोजतबा खामेनेई : स्वास्थ्य को लेकर सस्पेंस बरकरार, लेकिन ऑडियो मीटिंग्स के जरिए अहम फैसलों में निभा रहे सक्रिय भूमिका

admin

admin

Apr 11, 2026
10:05 AM
स्वास्थ्य को लेकर सस्पेंस बरकरार, लेकिन ऑडियो मीटिंग्स के जरिए अहम फैसलों में निभा रहे सक्रिय भूमिका

नई दिल्ली। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर लगातार अटकलें जारी हैं। हाल ही में आई रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं, लेकिन धीरे-धीरे रिकवरी की ओर बढ़ रहे हैं। इससे पहले खबरें थीं कि वह होश में नहीं हैं, हालांकि अब सूत्रों का दावा है कि उनकी स्थिति स्थिर है और वे मानसिक रूप से पूरी तरह सक्रिय हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान में सुप्रीम लीडर के परिसर पर हुए हमले में मोजतबा का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया था। इसके अलावा उनके पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं। कुछ अमेरिकी खुफिया सूत्रों ने यहां तक दावा किया है कि हमले में उन्होंने अपना एक पैर भी खो दिया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गंभीर स्थिति के बाद अहम फैसलों में निभा रहे सक्रिय भूमिका

गंभीर शारीरिक स्थिति के बावजूद, मोजतबा खामेनेई शासन से जुड़े अहम फैसलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसमें युद्ध की रणनीति से लेकर अमेरिका के साथ संभावित शांति वार्ता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।

हमले में मारे गए थे परिवार के कई सदस्य

यह हमला उसी श्रृंखला का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में मोजतबा के परिवार के अन्य सदस्य, उनकी पत्नी, बहन और भांजी भी मारे गए थे। इस दुखद घटना के बाद 8 मार्च को मोजतबा को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया।

पद संभालने के बाद अब सार्वजनिक नजर नहीं आए मोजतबा

हालांकि, पद संभालने के बाद से अब तक मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। उनकी कोई तस्वीर या वीडियो भी जारी नहीं हुई है, जिससे उनके स्वास्थ्य और स्थिति को लेकर रहस्य और गहरा गया है। हालांकि, उनके नाम से जारी कुछ पत्र टीवी चैनलों पर पढ़े गए हैं, जिनसे उनके सक्रिय होने के संकेत मिलते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि मोजतबा के पास अभी अपने पिता जैसा पूर्ण नियंत्रण नहीं है। मिडिल ईस्ट के जानकार एलेक्स वतनका के अनुसार, फिलहाल ईरान की सत्ता संरचना में आईआरजीसी का प्रभाव काफी बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार, अगले एक-दो महीनों में मोजतबा खामेनेई की पहली तस्वीरें जारी हो सकती हैं। माना जा रहा है कि जब उनकी सेहत पूरी तरह सुधर जाएगी और सुरक्षा जोखिम कम होगा, तभी वे सार्वजनिक रूप से सामने आएंगे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें