सोमवार, 18 मई 202611:50:11 AM
Download App
Home/ख़बरे

PM Modi Sweden Visit : ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से नवाजे गए पीएम मोदी, स्वीडन ने दिया अपना सबसे बड़ा राजकीय सम्मान

अभिलाषा कनाडे

अभिलाषा कनाडे

May 18, 2026
09:11 AM
‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से नवाजे गए पीएम मोदी, स्वीडन ने दिया अपना सबसे बड़ा राजकीय सम्मान

पीएम नरेंद्र मोदी अपने चार देशों के यूरोपीय दौरे के दूसरे चरण में स्वीडन पहुंचे, जहां उनका बेहद खास अंदाज़ में स्वागत किया गया। गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्‍फ क्रिस्टर्सन मौजूद रहे। पीएम मोदी के विमान को स्वीडिश वायुसेना के ग्रिपेन फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट किया, जिसे किसी भी विदेशी नेता के लिए सम्मान और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। बता दे पीएम मोदी इन दिनों यूरोप के चार देशों का दौरा कर रहे हैं। स्वीडन इस दौरे का दूसरा पड़ाव है। इससे पहले मोदी साल 2018 में स्वीडन आए थे, जब वहां पहला भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन हुआ था।

पीएम मोदी को दिया स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने प्रतिष्ठित राजकीय सम्मानों में शामिल रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार - कमांडर ग्रैंड क्रॉससे सम्मानित किया। यह सम्मान उन वैश्विक नेताओं और विशिष्ट हस्तियों को दिया जाता है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय सहयोग, कूटनीतिक संबंधों और साझेदारी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया हो। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत और स्वीडन के बीच रिश्तों को मजबूत करने, वैश्विक सहयोग बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए दिया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

भारत-स्वीडन वार्ता में रणनीतिक सहयोग को नई दिशा

स्वीडन यात्रा के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच कई रणनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत का केंद्र व्यापार, हरित ऊर्जा, रक्षा सहयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष तकनीक, स्टार्टअप इकोसिस्टम और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्र रहे। दोनों पक्षों ने भारत-स्वीडन संबंधों को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिपके रूप में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

FTA से तकनीक और व्यापार सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार

संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता निवेश, उद्योग और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और स्वीडन के रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों, नवाचार और सतत विकास की साझा सोच पर आधारित हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय परंपरा की दिखी झलक

इस अवसर पर स्वीडन में बसे भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय परंपरा और बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली। स्वीडिश ओपेरा गायिका ने वैष्णव जन तोकी प्रस्तुति दी, वहीं भारतीय शास्त्रीय नृत्य ने माहौल को और खास बना दिया।

पीएम मोदी ने स्वीडिश भाषा में व्यक्त किया आभार

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर स्वीडिश भाषा में अपने स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं स्वीडन के प्रधानमंत्री ने भी दोनों लोकतांत्रिक देशों के मजबूत रिश्तों को नई ऊर्जा देने की बात कही।

अभिलाषा कनाडे
Written By

अभिलाषा कनाडे

खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें