बुधवार, 26 अगस्त 202609:06:09 AM
Download App
Home/देश

राखी पर महाकाल के दरबार में सजेगा भाई-बहन का प्रेम : सबसे पहले बाबा को बांधा जाएगा रक्षासूत्र, सवा लाख लड्डुओं के महाभोग से भक्तों पर बरसेगा आशीर्वाद

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 26, 2026
07:23 AM
सबसे पहले बाबा को बांधा जाएगा रक्षासूत्र, सवा लाख लड्डुओं के महाभोग से भक्तों पर बरसेगा आशीर्वाद

उज्जैन। भाई-बहन के स्नेह का अप्रतिम प्रतीक रक्षाबंधन के पर्व से पहले बाबा महाकाल की नगरी भक्ति और आस्था से सराबोर होने जा रही है। सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार पर्व शुरू होने से पहले सबसे पहले राखी राजाधिराज भगवान महाकाल को अर्पित की जाएगी। भस्म आरती के दौरान बाबा का पंचामृत अभिषेक कर भव्य शृंगार किया जाएगा। विशेष रक्षासूत्र अर्पित होने के साथ मंदिर में भक्तिमय वातावरण बनेगा। बाबा महाकाल को भाई मानने वाली बहनों के लिए यह परंपरा आस्था, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा अद्भुत अवसर होगी।

पंचामृत अभिषेक के बाद होगा दिव्य शृंगार

रक्षाबंधन के अवसर पर भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का जल, दूध, दही, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सूखे मेवों और भांग से बाबा का विशेष शृंगार किया जाएगा। पूजन और शृंगार के बाद पुजारी परिवार की महिलाओं द्वारा श्रद्धा और विधि-विधान से तैयार की गई विशेष राखी बाबा महाकाल को अर्पित की जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान महाकाल कालजयी हैं और भद्रा या मुहूर्त के बंधन से परे माने जाते हैं। इसलिए सबसे पहले उन्हें रक्षासूत्र अर्पित कर संसार के कल्याण की प्रार्थना की जाती है।

आठ दिन में तैयार हो रही दो फीट की राखी

वर्षों पुरानी परंपरा के तहत पुजारी परिवार की महिलाएं बाबा महाकाल के लिए विशेष राखी तैयार करती हैं। इस बार करीब दो फीट लंबी राखी बनाई जा रही है। इसे रेशमी धागों, स्पंज, आभूषणों और विशेष वस्त्रों से सजाया जा रहा है। राखी तैयार करने में करीब आठ दिन का समय लगता है। इस दौरान महिलाएं श्रावण मास के व्रत और मंगल गीतों के बीच पूरी श्रद्धा, पवित्रता और भक्ति के साथ रक्षासूत्र तैयार करती हैं।

बाबा को चढ़ेगा सवा लाख लड्डुओं का महाभोग

रक्षाबंधन और श्रावण महोत्सव के समापन के अवसर पर बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। इसके लिए करीब 15 क्विंटल बेसन, 10 क्विंटल शुद्ध घी, 15 क्विंटल शक्कर बूरा और दो क्विंटल मेवे के साथ इलायची का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण के दौरान सामग्री की शुद्धता और धार्मिक पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

भाई के रूप में महाकाल को राखी बांधेंगी बहनें

रक्षाबंधन के दिन भस्म आरती के दर्शन करने वाले और मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सवा लाख लड्डुओं का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। ऐसी महिलाएं और बहनें, जिनके भाई नहीं हैं, वे भी बाबा महाकाल को अपना भाई मानकर उनके दरबार में पहुंचेंगी और रक्षासूत्र अर्पित करेंगी। इस अनूठी आस्था और परंपरा के कारण रक्षाबंधन पर महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें