कल हो न हो... : आसमान में गूंजा सोनू निगम के सुरों का जादू, विमान यात्रियों की फरमाइश पर गायक ने सुनाए सुपरहिट गाने

मुंबई। मशहूर गायक सोनू निगम की आवाज का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता है। उनके गानों के दीवाने देश ही नहीं, दुनिया भर में मौजूद हैं। इसका एक उदाहरण हाल ही में एक विमान में देखने को मिला। दरअसल सोनू निगम शुक्रवार को रायपुर से मुंबई जा रहे थे। इसी दौरान उनके बगल में बैठे यात्री ने उनके गाने गुनगुनाने शुरू कर दिए। फिर तो प्लेन के अंदर का माहौल पूरी तरह से संगीतमय हो गया। पने प्रशंसकों का यह प्यार देखकर सोनू निगम भी भावुक हो गए और उन्होंने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
सीट बेल्ट का साइन बंद होने के बाद भी गायक का इंतजार करते रहे यात्री
सोनू निगम ने बताया कि फ्लाइट में सीट बेल्ट का साइन बंद हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद यात्री अपनी सीटों पर बैठे रहे और उनके गाने का इंतजार करते रहे। इस खूबसूरत पल को साझा करते हुए उन्होंने वीडियो में लिखा, सीट बेल्ट का साइन बंद हो चुका है और फिर भी वे बैठे हुए हैं, इससे साफ पता चलता है कि वे शो टाइम का इंतजार कर रहे हैं।
सोनू ने सुनाए एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने
इसके बाद यात्रियों की फरमाइश पर सोनू निगम ने फ्लाइट के केबिन में खड़े होकर अपने कई लोकप्रिय गाने सुनाए। उन्होंने किसका है तुमको इंतजार, मैं हूं ना, तुझे लगे ना नजरिया और कल हो ना हो जैसे सुपरहिट गानों से यात्रियों का दिल जीत लिया। इस खास पल का वीडियो साझा करते हुए सोनू निगम ने लिखा, सा प्यार, जो सिर्फ सपनों में होता है। आप सभी का शुक्रिया। उनके इस वीडियो को प्रशंसकों का खूब प्यार मिल रहा है।
चार दशक से संगीत की दुनिया में कायम है सोनू का जादू
बता दें कि सोनू निगम करीब चार दशकों से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वह हिंदी, कन्नड़ समेत कई भारतीय भाषाओं में शास्त्रीय, पॉप, गजल, भक्ति और फिल्मी संगीत के लिए पहचाने जाते हैं।
संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। गायकी के अलावा उन्होंने अभिनय, संगीत निर्देशन, डबिंग और टीवी होस्टिंग में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है। फ्लाइट में हुआ यह खास वाकया एक बार फिर साबित कर गया कि सोनू निगम की आवाज और उनके प्रशंसकों के बीच रिश्ता कितना गहरा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
