रील बनाई…सोना दिखाया...और चोरों ने घर साफ कर दिया! : सोशल मीडिया पर गहनों की रील पड़ी भारी, यूट्यूबर के घर लाखों की चोरी,पुलिस मामले की जांच में जुटी

शिवपुरी:मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोशल मीडिया पर शो-ऑफ एक चर्चित यूट्यूबर को भारी पड़ गया। नरवर क्षेत्र की यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर लाखों रुपये की चोरी हो गई। घटना के बाद यह सवाल फिर चर्चा में है कि क्या सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति और महंगे गहनों का प्रदर्शन अपराधियों को मौका देने जैसा है।
जानकारी के मुताबिक रचना गुर्जर ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह अपने पति के साथ सोने-चांदी के गहनों का प्रदर्शन करती नजर आई थीं। वीडियो को काफी लोगों ने देखा और शेयर किया। लेकिन इसी बीच शातिर चोरों ने भी इस वीडियो को अपना सुराग बना लिया।
शुक्रवार देर रात मोहानी ख्यावदा गांव स्थित रचना गुर्जर के घर अज्ञात बदमाश घुस गए। आरोप है कि चोरों ने पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी और फिर बाउंड्री की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर के निचले हिस्से में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य पहली मंजिल पर सो रहे थे। बदमाशों ने रचना गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। सुबह जब रचना जागीं तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। परिजनों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, जिसके बाद नीचे का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती गहने गायब थे।
पीड़ित परिवार के अनुसार करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रचना गुर्जर का कहना है कि जब तक चोर गिरफ्तार नहीं होंगे, वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अपनी आवाज उठाती रहेंगी। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच एक बड़ी सीख भी देती है। विशेषज्ञ लगातार सलाह देते हैं कि सोशल मीडिया पर महंगे गहनों, नकदी, संपत्ति या निजी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने से बचना चाहिए। क्योंकि ऐसी जानकारी अपराधियों के लिए आसान सुराग साबित हो सकती है।
रचना गुर्जर के मामले में भी लोगों के बीच यही चर्चा है कि जिस रील ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई, कहीं उसी ने चोरों को उनके घर तक पहुंचने का रास्ता तो नहीं दिखा दिया।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
