गुरुवार, 10 सितंबर 202612:14:01 PM
Download App
Home/मनोरंजन

परफेक्ट बहू या खूंखार डायन? : यामी गौतम की ‘नई नवेली’ का टीजर मचा रहा हलचल

admin

admin

Sep 10, 2026
10:16 AM
यामी गौतम की ‘नई नवेली’ का टीजर मचा रहा हलचल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम धर एक बार फिर दर्शकों को कुछ अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ का टीजर गुरुवार को जारी कर दिया गया। करीब 1 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर में पारिवारिक माहौल के बीच डर, रहस्य और कॉमेडी का जबरदस्त तड़का देखने को मिलता है।

आदर्श बहू की एंट्री, फिर शुरू हुआ शक

टीजर की शुरुआत एक सामान्य परिवार और नई दुल्हन की एंट्री से होती है। यामी गौतम का किरदार पहली नजर में बेहद संस्कारी और समझदार बहू के रूप में दिखाई देता है। वह अपने व्यवहार और प्यार से परिवार के हर सदस्य का दिल जीत लेती है। लेकिन कहानी तब दिलचस्प हो जाती है, जब उसके देवर को अपनी भाभी के व्यवहार पर शक होने लगता है। उसे लगने लगता है कि इतनी परफेक्ट बहू के पीछे जरूर कोई बड़ा राज छिपा है। देखते ही देखते वह अपनी भाभी को डायन तक बता देता है।

एक डायलॉग ने बढ़ाया हॉरर का रोमांच

टीजर में यामी का एक दमदार संवाद भी सुनाई देता है, जिसमें वह अपने रहस्यमयी अंदाज में कहती हैं कि दो डायन, तीन पिशाच और चार भूतों को वह सुबह के नाश्ते में खा जाती हैं। इस डायलॉग के बाद फिल्म के हॉरर और फैंटेसी वाले अंदाज की झलक मिलती है।

बिखरे परिवार में खुशियां लाएगी दुल्हन

फिल्म की कहानी मेरठ के एक ऐसे परिवार पर आधारित है, जहां पहले से ही कई तरह की परेशानियां चल रही हैं। नई बहू अपनी समझदारी और स्नेह से परिवार को जोड़ने की कोशिश करती है। उसके आने के बाद घर का माहौल बदलने लगता है और खुशियां लौटने लगती हैं।

दशहरे पर सिनेमाघरों में दस्तक

फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। पटकथा हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। यामी गौतम धर स्टारर ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें