गुरुवार, 29 अक्टूबर 202610:13:21 AM
Download App
Home/देश

वे हर मुद्दे पर रखते हैं एकतरफा सोच : नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर पुनीत इस्सर ने ऐसे किया पलटवार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 29, 2026
06:03 AM
नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर पुनीत इस्सर ने ऐसे किया पलटवार

मुंबई। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर मनोरंजन जगत में बहस छिड़ गई है। अभिनेता पुनीत इस्सर ने नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर उन्हें मौजूदा सरकार पसंद नहीं है, तो उन्हें चुनाव लड़कर सरकार को हराने की कोशिश करनी चाहिए। पुनीत ने नसीरुद्दीन शाह को अपना सीनियर और बेहतरीन कलाकार बताते हुए उनकी राजनीतिक सोच पर भी सवाल उठाए। वहीं, अभिनेता परेश रावल ने इस मामले में हर व्यक्ति को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार होने की बात कही।

‘मैं फक्र के साथ कहता हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं’

दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि सरकार और उसके समर्थकों की आलोचना करने वालों को अक्सर ‘एंटी-नेशनल’ और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ जैसे नामों से संबोधित किया जाता है।

अपने वीडियो संदेश में शाह ने कहा, “मैं फक्र के साथ कहता हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा से असहमति रखने वाले लोगों को निशाना बनाया जाता है और उनके खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की जाती है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और फिल्मी हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

पुनीत इस्सर बोले- एकतरफा सोच रखते हैं नसीरुद्दीन शाह

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में पुनीत इस्सर ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह उनके सीनियर हैं और एक उम्दा किस्म के कलाकार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शाह ने उन्हें पढ़ाया है, इसलिए वह उनका सम्मान करते हैं। हालांकि, पुनीत के मुताबिक, जब भी नसीरुद्दीन शाह किसी मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं, तो उनका नजरिया एकतरफा दिखाई देता है।

पुनीत ने आरोप लगाया कि शाह कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चुप रहते हैं, जबकि कुछ विषयों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह की विचारधारा को वामपंथी बताते हुए नक्सलियों के समर्थन से जुड़े उनके कथित रुख पर भी सवाल उठाए।

‘सरकार मनमानी से नहीं बनी, लोगों ने वोट दिया है’

पुनीत इस्सर ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह को सरकार की आलोचना करने और अपने विचार रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर शाह सरकार की नीतियों से सहमत नहीं हैं, तो उन्हें चुनावी राजनीति में उतरकर उसे हराने का प्रयास करना चाहिए।

पुनीत के मुताबिक, मौजूदा सरकार मनमाने तरीके से सत्ता में नहीं आई है, बल्कि जनता ने उसे वोट देकर चुना है। इसलिए सरकार का विरोध करने वालों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए अपनी बात रखनी चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें