चक्रवात अर्नब का कहर : बाढ़-बारिश से ओडिशा-आंध्र में भारी तबाही, गंजाम में उफनती ऋषिकुल्या नदी से बिगड़े हालात

भुवनेश्वर-अमरावती। चक्रवात अर्नब के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी तबाही देखने को मिल रहा है। मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ को देखते हुए ओडिशा के गंजाम जिले में करीब 300 गांव पानी से घिर गए हैं। कई इलाकों में लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन हवाई अभियान की तैयारी कर रहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
गंजाम में बाढ़ का संकट, 120 लोगों को निकालने की तैयारी
ओडिशा में बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की टीमें प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चला रही हैं। पहले चरण में करीब 120 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकालने की योजना है। इसके लिए भारतीय तटरक्षक बल से सहायता ली जा रही है। हालांकि, लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण हवाई अभियान में मुश्किलें आ सकती हैं।
उफान पर ऋषिकुल्या नदी, कई गांव जलमग्न
गंजाम जिले के सोरड़ा, सनाखेमुंडी और आस्का सहित कई इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। तीन दिनों से जारी बारिश के कारण ऋषिकुल्या नदी उफान पर है। आस्का में नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है, जबकि दिगपहांडी ब्लॉक में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने अतिरिक्त बचाव दल तैनात कर निकासी अभियान तेज किया है।
आंध्र प्रदेश में बिजली बहाली और मुआवजे पर जोर
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और सड़कों पर गिरे पेड़ों व मलबे को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने टूटे तटबंधों और नहरों की स्थिति पर नजर रखने को भी कहा।
चक्रवात से फसलों, नारियल के पेड़ों और बागवानी को नुकसान पहुंचा है। सरकार नुकसान का आकलन कर किसानों को सहायता देने की तैयारी कर रही है।
श्रीकाकुलम में रेल यातायात प्रभावित, केंद्र ने दिया मदद का भरोसा
भारी बारिश के कारण आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक रेलवे पुल पानी में डूबने से रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। फंसे यात्रियों को सड़क मार्ग से निकालने की योजना बनाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस बीच, चक्रवात के प्रभाव से मध्य प्रदेश में भी मौसम बदल गया है। भोपाल सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी से ठंड बढ़ी है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के नौ जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रभावित राज्यों में प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
