गुरुवार, 29 अक्टूबर 202612:00:15 PM
Download App
Home/देश

चक्रवात अर्नब का असर! : बांधवगढ़ में बदला मौसम, 40 किमी की रफ्तार से चल रहीं हवाएं; टाइगर रिजर्व में अलर्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 29, 2026
11:07 AM
बांधवगढ़ में बदला मौसम, 40 किमी की रफ्तार से चल रहीं हवाएं; टाइगर रिजर्व में अलर्ट

भोपाल। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अर्नब के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व सहित उमरिया और शहडोल जिलों में हल्की से मध्यम असामयिक बारिश हो रही है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यटकों की सुविधा और पर्यटन गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

चक्रवात के अवशेष से बदला मौसम

चक्रवात अर्नब ने 28 अक्टूबर की रात करीब एक बजे आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में नरसापुर और यनम के निकट समुद्र तट पर प्रवेश किया था। उस समय हवाओं की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई गई। तटीय क्षेत्रों को प्रभावित करने के बाद चक्रवात के अवशेष से बनी नम हवाएं मध्य भारत की ओर बढ़ीं, जिसके कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम बदला है।

भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए पीला अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना को देखते हुए वन विभाग और टाइगर रिजर्व प्रबंधन एहतियाती कदम उठा रहे हैं।

बांधवगढ़ में फिलहाल स्थिति सामान्य

टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, अब तक वन्यजीवों की हानि, पेड़ गिरने या मार्ग अवरुद्ध होने की कोई सूचना नहीं मिली है। वर्तमान में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। क्षेत्र संचालक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर हालात की समीक्षा की है।

मैदानी अमले को नियमित गश्त जारी रखने, निचले इलाकों में जलभराव पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

ताला, मगधी और खितौली जोन खुले

मौसम में बदलाव के बावजूद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला, मगधी और खितौली सहित कोर एवं बफर क्षेत्र के सभी पर्यटन जोन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। फिलहाल मौसम के कारण किसी भी पर्यटन गेट को बंद नहीं किया गया है।

पर्यटकों के लिए विशेष सावधानी

बारिश की संभावना को देखते हुए सभी पर्यटन वाहनों को हुड या कवर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सफारी के दौरान पर्यटकों को परेशानी न हो। प्रबंधन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने और परिस्थितियों के अनुसार तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पर्यटक निर्धारित नियमों के तहत सफारी का आनंद ले सकते हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी जारी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें