गुरुवार, 29 अक्टूबर 202611:43:15 AM
Download App
Home/देश

व्यापारियों की अपील खारिज : खड़गे का ऐलान, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेगा विपक्ष, बोले- जनता को जागरुक करने जारी रखेंगे संघर्ष

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 29, 2026
10:32 AM
खड़गे का ऐलान, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेगा विपक्ष, बोले- जनता को जागरुक करने जारी रखेंगे संघर्ष

नई दिल्ली। कथित वोट चोरी के खिलाफ इंडिया ब्लाॅक एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन करने जा रहा है। हालांकि दिल्ली के व्यापारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर मांग की है कि दिवाली के चलते इस प्रदर्शन को 10 नवंबर तक टाला जाए। इन सबके बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा बयान सामने आ गया है। उन्होंने ऐलान किया है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाला इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कथित मतदान अनियमितताओं और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। खड़गे ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष की चिंताएं गंभीर हैं और इन मुद्दों पर आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र में जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। खड़गे के मुताबिक, जब तक लोग अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक बदलाव के लिए आवाज उठाना जरूरी रहेगा।

राहुल गांधी ने भी किया प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर लोगों से रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की। उन्होंने इस मार्च को लोकतंत्र बचाने, कथित वोट चोरी रोकने और संविधान की रक्षा करने की लड़ाई बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के छात्र संगठनों से भी इसमें भाग लेने का आग्रह किया। साथ ही लोकतांत्रिक स्वतंत्रता और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति को लेकर चिंता जताई।

व्यापारियों को कारोबार प्रभावित होने की चिंता

दिल्ली के कुछ व्यापारिक संगठनों ने त्योहारी मौसम में बड़े प्रदर्शन के आयोजन पर चिंता व्यक्त की है। व्यापारियों का कहना है कि रैली के कारण यातायात प्रभावित होने और बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही घटने से कारोबार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने राहुल गांधी से मार्च की तारीख बदलने का अनुरोध किया था। हालांकि, खड़गे के बयान से स्पष्ट है कि विपक्ष फिलहाल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ने के पक्ष में है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें