गुरुवार, 29 अक्टूबर 202612:20:06 PM
Download App
Home/देश

दिल्ली में प्रदूषण पर ऐसे लगेगी लगाम : एक नवंबर से लाखों गाड़ियों की रहेगी नो एंट्री, तीसरी आंख से रखी जाएगी पैनी नजर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 29, 2026
11:16 AM
एक नवंबर से लाखों गाड़ियों की रहेगी नो एंट्री, तीसरी आंख से रखी जाएगी पैनी नजर

नई दिल्ली। सर्दियों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में 1 नवंबर से वाहन प्रवेश को लेकर सख्ती की तैयारी है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत दिल्ली के बाहर पंजीकृत ऐसे वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी, जो बीएस-फाइव उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते। यह पाबंदी 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी। इस कदम का असर दिल्ली-एनसीआर में रोजाना कामकाज, कारोबार और अन्य जरूरतों के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ सकता है।

एनसीआर के लाखों वाहन दायरे में

परिवहन विभाग के अनुमानों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 10 लाख से अधिक वाहन बीएस-फाइव मानकों को पूरा नहीं करते। इनमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के वाहन शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में करीब दो लाख ऐसे वाहन हैं। वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इनकी संख्या चार लाख से अधिक बताई गई है। गाजियाबाद में भी लगभग चार लाख वाहन इस श्रेणी में आते हैं। हालांकि, इन सभी वाहनों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा, क्योंकि नियम के दायरे और छूट के आधार पर ही प्रवेश तय किया जाएगा।

सीएनजी, इलेक्ट्रिक और जरूरी सेवाओं को राहत

प्रस्तावित प्रतिबंधों में सीएनजी और बिजली से चलने वाले वाहनों को छूट दी गई है। एंबुलेंस, दमकल गाड़ियों और कुछ आवश्यक सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को भी राहत मिलेगी। दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-टप् मानकों का पालन करने वाले वाहन राजधानी में प्रवेश कर सकेंगे।

यह विशेष प्रतिबंध दिल्ली के बाहर पंजीकृत वाहनों पर केंद्रित है। राजधानी में पंजीकृत वाहनों पर यह नियम लागू नहीं होगा, हालांकि उन पर पहले से लागू अन्य प्रदूषण नियंत्रण नियम प्रभावी रहेंगे।

कैमरों से पकड़े जाएंगे नियम तोड़ने वाले वाहन प्रतिबंधों को प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी है। इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान की जाएगी। नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा सकती है।

तकनीकी निगरानी के साथ प्रवेश बिंदुओं पर भौतिक जांच की व्यवस्था भी मजबूत करने की योजना है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें