'फ्लाइट में बम रखा है' : ई -मेल के जरिये मिली धमकी ,यात्रियों के उड़े होश,एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट

नई दिल्ली। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एम्सटर्डम से हैदराबाद आ रही एक फ्लाइट में बम होने की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद पूरे एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रख दिया गया। पिछले तीन दिनों में हैदराबाद एयरपोर्ट को निशाना बनाकर भेजी गई यह तीसरी धमकी है।
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रविवार तड़के एयरपोर्ट के कस्टमर केयर विभाग को एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया था कि कुआलालंपुर एयरवेज की वह फ्लाइट, जो एम्सटर्डम से हैदराबाद आ रही थी, उसमें एक मानवरहित बम रखा गया है। ईमेल में यह भी चेतावनी दी गई थी कि विमान अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले किसी भी समय विस्फोट हो सकता है।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग, जांच जारी
धमकी के बावजूद राहत की बात यह रही कि विमान ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही एयरपोर्ट अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे आइसोलेशन बे में भेज दिया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन विमान की सघन तलाशी और जांच में जुटे हुए हैं।
लगातार मिल रही धमकियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को भी एक अज्ञात शरारती तत्व ने ईमेल भेजकर दावा किया था कि मलेशिया से आ रही एयरएशिया की फ्लाइट में बम रखा गया है। उस ईमेल में भी कहा गया था कि विमान हैदराबाद पहुंचने से पहले ही हवा में उड़ा दिया जाएगा।
यह भी पढ़े --- iPhone 17 Pro Max खरीदने का सबसे सही मौका : Flipkart की Sasa Lele Sale में 25 हजार रुपये तक की भारी कटौती

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सतर्क कर आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं। यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सर्विलांस बढ़ा दिया गया है।
यात्रियों की स्क्रीनिंग और सामान की जांच को और अधिक सख्त कर दिया गया है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम एयरपोर्ट के संवेदनशील हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चला रही है।
शुक्रवार को लुफ्थांसा फ्लाइट को भी मिली थी धमकी
इस सिलसिले की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी, जब जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से आने वाली Lufthansa की फ्लाइट को लेकर पहला धमकी भरा ईमेल मिला था। ईमेल में दावा किया गया था कि विमान में बम लगाया गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले ही उसमें विस्फोट कर दिया जाएगा।
उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत अलर्ट जारी कर आपातकालीन कदम उठाए थे। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी धमकी भरे ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
