बुधवार, 17 जून 202602:23:37 PM
Download App
Home/देश

भीषण हादसे ने छीनी दो परिवारों की खुशियां : ग्वालियर में आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, जिंदा जल गए दो चाकल, ग्रामीणों का प्रयास भी रहा नाकाम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 17, 2026
11:01 AM
ग्वालियर में आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, जिंदा जल गए दो चाकल, ग्रामीणों का प्रयास भी रहा नाकाम

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। फुले का पुरा गांव के पास 16 और 17 जून की दरमियानी रात दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दोनों चालक केबिन में फंस गए और जिंदा जलने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। दतिया की ओर जा रहा एक डंपर और ग्वालियर की तरफ आ रहा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान एक वाहन का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए।

दोनों चालक केबिन में फंस गए

बेहट थाना पुलिस के मुताबिक, डंपर चालक की पहचान मुरैना निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। वहीं ट्रक चालक सुरेंद्र सिंह गुर्जर, मुरैना जिले के बंगरोली गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद दोनों चालक स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए।

ग्रामीणों ने किया बचाने का प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने और चालकों को बाहर निकालने की कोशिश की। बाल्टियों से पानी डालने के साथ केबिन के दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी वाहन के करीब नहीं जा सका। दमकल टीम के पहुंचने तक दोनों चालक आग में झुलसकर दम तोड़ चुके थे।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बाद में दोनों शवों के अवशेष निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, गलत दिशा में ओवरटेकिंग या किसी अन्य कारण से हुआ।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें