नर्मदापुरम : व्यापारी से सोने की चेन लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार जब्त

नर्मदापुरम जिले की देहात पुलिस ने बुधनी के एक व्यापारी से सोने की चेन लूटने के मामले का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ईको स्पोर्ट्स कार भी जब्त कर ली है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान लूट की घटना को स्वीकार कर लिया है। साथ ही लूटी गई चेन को बेचकर प्राप्त 8,100 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया की घटना 12 जून की देर रात की है। बुधनी निवासी व्यापारी नारायण सिंह उर्फ राहुल सिंह राजपूत अपने साथी शैलेन्द्र परिहार और उनकी पत्नी के साथ नर्मदापुरम से बुधनी लौट रहे थे। इसी दौरान परमश्री गार्डन के पास एक ईको स्पोर्ट्स कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, यश ढाबे के आगे आरोपियों ने अपनी कार अड़ाकर वाहन को रोक लिया। इसके बाद उन्होंने शैलेन्द्र परिहार और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे नारायण सिंह पर भी हमला किया गया और उनके गले से सोने की चेन लूट ली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ईको स्पोर्ट्स कार क्रमांक DL-10-CH-8934 को ट्रेस किया। इसके बाद रितिक गोस्वामी, हरिओम गोस्वामी, ओमप्रकाश गोस्वामी और सुदीप गौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और लूटी गई चेन को बेचकर प्राप्त राशि में से 8,100 रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले के खुलासे में देहात थाना प्रभारी उषा मरावी, पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
