मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : UCC पर बढ़े कदम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एमपी में , पेड़ों की कटाई पर सख्ती और मानसून का इंतजार

मध्य प्रदेश की आज की प्रमुख खबरों का संक्षिप्त समाचार:
राष्टपति का मध्यप्रदेश दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मध्य प्रदेश दौरा आज से शुरू हो गया है। वे 22 जून तक राज्य के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। दौरे के दौरान राष्ट्रपति जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा बैतूल में ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन एवं शाम की आरती में सहभागिता करेंगी।
UCC पर सरकार की तैयारी तेज
मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकेत दिए हैं कि आगामी मानसून सत्र में यूनिफॉर्म सिविल कोड से संबंधित विधेयक विधानसभा में पेश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर सदन में आएगी, जिनमें UCC भी शामिल है। यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो इसी सत्र में विधेयक पारित होने की संभावना है। राज्य विधानसभा का मानसून सत्र 20 से 24 जुलाई तक आयोजित होगा।
पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट शख्त
पर्यावरण संरक्षण को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने महत्वपूर्ण पहल की है। विकास कार्यों के नाम पर अंधाधुंध पेड़ों की कटाई रोकने के उद्देश्य से कोर्ट के समक्ष ‘ट्री ट्रांसलोकेशन पॉलिसी-2026’ का मसौदा प्रस्तुत किया गया। प्रस्तावित नीति के तहत पेड़ों की जियो-टैगिंग, ऑनलाइन मॉनिटरिंग और जिला स्तरीय समितियों के गठन जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं।
मानसून का और इंतज़ार
प्रदेश में मानसून की दस्तक के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं और मौसम विभाग ने 34 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में तेज धूप का असर भी देखने को मिल रहा है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
