सोमवार, 21 सितंबर 202602:05:48 PM
Download App
Home/देश

सिंहस्थ से पहले बदलेगी उज्जैन की सूरत : सीएम ने पैदल चलकर परखी विकास कार्यों की रफ्तार,सड़कों के चौड़ीकरण और नए मार्ग निर्माण का लिया जायजा

admin

admin

Sep 20, 2026
02:08 PM
सीएम ने पैदल चलकर परखी विकास कार्यों की रफ्तार,सड़कों के चौड़ीकरण और नए मार्ग निर्माण का लिया जायजा

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को खुद मैदान में उतरे। उन्होंने शहर में पैदल भ्रमण कर विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मौके पर ही प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने नीलगंगा से केटीएम गैल इंडिया चौराहे तक मार्ग चौड़ीकरण और शांतिनगर से इंदौर रोड तक बन रहे नए मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने सिंहस्थ की जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क चौड़ीकरण में नागरिकों का सहयोग

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय रहवासियों से भी संवाद किया। नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और शहर के विकास में नागरिकों की भागीदारी की सराहना की।

डॉ. यादव ने कहा कि महाकाल मंदिर तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग को बेहतर और सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। सिंधी कॉलोनी चौराहे से नानाखेड़ा बस स्टैंड तक का मार्ग शहर के लिए महत्वपूर्ण है। नानाखेड़ा से आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध रहेगा। यह मार्ग पुराने और नए उज्जैन को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मकान-दुकान पीछे करने में भी लोगों ने दिया साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्ग चौड़ीकरण के लिए उज्जैन के नागरिकों ने स्वेच्छा से अपने मकान पीछे किए हैं। कई स्थानों पर लोगों ने अपनी जमीन और दुकानें भी विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराईं। देवस्थलों से जुड़े निर्माण को लेकर भी नागरिकों ने सहयोग करते हुए मंदिरों को पीछे करने की सहमति दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान और दुकानें विकास कार्यों से प्रभावित हो रही हैं, वे भी सकारात्मक भाव के साथ सहयोग कर रहे हैं। यह उज्जैन के नागरिकों की विकास के प्रति प्रतिबद्धता और बड़े मन को दर्शाता है।

करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा शहर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। उनकी सुविधा और सुरक्षा की व्यवस्था केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी भी जरूरी है। उज्जैन के सभी समाजों के लोग सिंहस्थ की तैयारियों और शहर के विकास में सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण और स्थायी विकास कार्य कराने में जुटी है। सड़क, यातायात, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें