महिला एशिया कप: : बांग्लादेश के खिलाफ अजेय भारत की आज अग्निपरीक्षा, मीफाइनल में स्मृति-शेफाली पर बड़ी जिम्मेदारी

महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में आज भारत और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे। दुबई में रात 8 बजे शुरू होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का करने उतरेगी। भारत का पलड़ा आंकड़ों और मौजूदा फॉर्म दोनों में भारी है। टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय है, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ पिछले 8 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत को हार नहीं मिली है।
भारत का पलड़ा भारी, बांग्लादेश के खिलाफ दबदबा
भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 24 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है। बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत को शिकस्त दी थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने लगातार दबदबा बनाए रखा है। ऐसे में सेमीफाइनल में बांग्लादेश के सामने इस सिलसिले को तोड़ने की बड़ी चुनौती होगी।
ग्रुप चरण में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारत ने ग्रुप-ए में तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने थाईलैंड को 94 रन, हांगकांग को 137 रन और पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। दूसरी ओर बांग्लादेश ग्रुप-बी में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उसने इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात को हराया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
शतक के बाद स्मृति पर निगाहें
भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना जबरदस्त लय में हैं। उन्होंने तीन मैचों में 178.82 के शानदार स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए हैं। हांगकांग के खिलाफ उन्होंने 124 रन की तूफानी शतकीय पारी खेलकर अपनी फॉर्म का संकेत दे दिया था। उनके साथ शेफाली वर्मा भी अच्छी लय में हैं और तीन मैचों में 104 रन बना चुकी हैं। सेमीफाइनल में भारत को एक बार फिर दोनों से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी।
दीप्ति की फिरकी बनेगी बांग्लादेश की परेशानी
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी हैं। उन्होंने तीन मैचों में महज 1.90 की इकॉनमी से 8 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बिना रन दिए 3 विकेट रहा है। नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत ने भी 5-5 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी है।
मोस्तारी और मारुफा पर बांग्लादेश की उम्मीद
बांग्लादेश के लिए शोभना मोस्तारी ने तीन मैचों में 77 रन बनाए हैं और वह टीम की शीर्ष स्कोरर हैं। गेंदबाजी में मारुफा अक्तर ने 8 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश की है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 3 विकेट है।
दुबई की पिच पर स्पिन का असर
दुबई में अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में केवल भारत 150 से अधिक का स्कोर दो बार बना सका है। 12 में से 8 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। गर्मी और उमस के बीच पिच से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है। मैच के दौरान तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
