पाक्रिस्तान क्रिकेट में भूचाल! : नेशनल साइबर एजेंसी ने इन दो खिलाड़ियों पर कसा शिकंजा, पैसों के लेन-देन से ड्रेसिंग रूम की जानकारी बाहर जाने तक जांच तेज

लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल! टीम के दो बड़े बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक अब जांच एजेंसी के सवालों के घेरे में हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन की गहन तकनीकी पड़ताल शुरू कर दी है। मामला सिर्फ फोन की जानकारी तक सीमित नहीं, बल्कि कथित वित्तीय लेनदेन और टीम के ड्रेसिंग रूम से गोपनीय जानकारी बाहर जाने के आरोपों तक पहुंच गया है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से जुड़ी गतिविधियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों पर जांच का शिकंजा कसने से पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी की जांच में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से पहले और श्रृंखला शुरू होने के बाद की अवधि को विशेष रूप से देखा जा रहा है। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बैंक खातों में हुए लेनदेन की समीक्षा की जा रही है। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में उसके स्रोत, रकम के हस्तांतरण और उससे जुड़े व्यक्ति, कंपनी या संगठन की जानकारी जुटाई जा सकती है।
मोबाइल फोन की जानकारी भी जांच के घेरे में
एनसीसीआईए दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन से मिली जानकारी का भी विश्लेषण कर रही है। इसमें संदेश, संपर्क सूची और अन्य डिजिटल जानकारी शामिल है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खिलाड़ियों की बातचीत या संपर्कों का किसी कथित वित्तीय गतिविधि से कोई संबंध है या नहीं।
ड्रेसिंग रूम से जानकारी बाहर जाने की भी पड़ताल
जांच का एक अहम पहलू पाकिस्तान टीम के ड्रेसिंग रूम से कथित तौर पर जानकारी बाहर जाने का मामला है। इंग्लैंड में अभ्यास सत्र और मैचों के दौरान इमाम और रिजवान के संपर्कों तथा मुलाकातों को लेकर भी उनसे सवाल किए गए हैं। हालांकि, एनसीसीआईए ने अभी तक दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ किसी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दो घंटे तक चली पूछताछ
दोनों खिलाड़ी 10 सितंबर को लाहौर के जोहर टाउन स्थित एनसीसीआईए कार्यालय पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे पहुंचे रिजवान और इमाम से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद दोनों ने अपने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी ने किसी निष्कर्ष या कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी उठा चुका है सवाल
इस मामले के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी एक अलग प्रकरण में अपनी चयन समिति के एक सदस्य से स्पष्टीकरण मांग चुका है। 31 अगस्त को जारी नोटिस के अनुसार, संबंधित सदस्य ने 2 जून को हुई बैठक में हिस्सा लिया था। इसी बैठक में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के लिए पाकिस्तानी टीम के चयन की जिम्मेदारी तय की गई थी।
फिलहाल निगाहें एनसीसीआईए की जांच पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में तकनीकी और वित्तीय जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मामला महज पूछताछ तक सीमित रहता है या जांच कोई बड़ा मोड़ लेती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
