लबालब हुआ भोजताल : भदभदा बांध का गेट खुलते ही बह निकली जलधारा, सुबह से जारी बारिश ने बढ़ाया जलस्तर

भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को सुबह से जारी बारिश के बीच शाम को एक बड़ी खुशखबरी मिली। लगातार बारिश के बाद भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब लबालब हो गया। इतना ही नहीं, बड़े तालाब के ओवर फ्लो होने पर भदभदा बांध के दो दरवाजे खोल दिये गये। शाम करीब 6 बजे महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना के बाद भदभदा बांध का गेट नंबर-6 खोलकर पानी की निकासी शुरू की। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे।
बड़ाताल के भरते ही गर्मियों में पेयजल संकट की आशंकाएं भी खत्म हो गयी हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पिछले साल 2025 के मानसून सीजन में भदभदा के 16 दफा गेट खोले गये थे। इस तरह साफ कि बड़ा तालाब भरने में देरी हुई। जानकारी के मुताबिक कोलार और कलियासोत बांध भी भरने की ओर हैं।
महज 0.30 फीट नीचे था जलस्तर
बड़े तालाब में पानी की बढ़ती आवक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को इसका जलस्तर 1666.50 फीट दर्ज किया गया था। तालाब का पूर्ण भराव स्तर 1666.80 फीट है। यानी फुल टैंक लेवल तक पहुंचने के लिए महज 0.30 फीट पानी की जरूरत थी। शुक्रवार को हुई लगातार बारिश के बाद यह अंतर भी खत्म हो गया और तालाब पूरी तरह भर गया।
भदभदा से कलियासोत की ओर बढ़ा पानी
जलस्तर पूर्ण भराव स्तर पर पहुंचने के बाद भदभदा बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। गेट नंबर-6 खुलते ही पानी तेजी से बाहर निकला और आगे कलियासोत की ओर बहने लगा। पानी की निकासी शुरू होने के बाद प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
बारिश से मौसम हुआ सुहाना
शुक्रवार को भोपाल में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। कई इलाकों में बारिश अपेक्षाकृत तेज रही, जिससे शहर के तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग ने राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में बड़े तालाब में पानी की आवक और बढऩे की संभावना बनी हुई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
