सोमवार, 24 अगस्त 202608:32:44 AM
Download App
Home/देश

यही मेरी तपोभूमि : यूपी पहुंचते ही ईसी ने दिया संदेश, बीएलओ से सीधा संवाद कर जमीनी चुनौतियों और सुझावों पर करेंगे मंथन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 24, 2026
06:02 AM
यूपी पहुंचते ही ईसी ने दिया संदेश, बीएलओ से सीधा संवाद कर जमीनी चुनौतियों और सुझावों पर करेंगे मंथन

लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचा है। दौरे की शुरुआत में ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ से अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए इसे अपनी ‘तपोभूमि’ बताया। उन्होंने कहा कि इसी शहर में उनकी शिक्षा हुई और यहां से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। आयोग का यह दौरा खास तौर पर युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने, निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने और बूथ स्तर पर चुनावी व्यवस्था को मजबूत करने पर केंद्रित है।

जिस शहर में पढ़े, वहीं छात्रों से करेंगे संवाद

ज्ञानेश कुमार 24 अगस्त को कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। यह वही संस्थान है, जहां उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हासिल की थी। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां भी इस दौरे को खास बनाती हैं। उन्होंने 1979 में हाईस्कूल और 1981 में इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया था। बताया जाता है कि उस समय लाखों विद्यार्थियों के बीच उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी।

युवाओं को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाएगा आयोग

दौरे के दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ईएलसी 2.0 और ईसीआईनेट को लेकर क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश में यह सम्मेलन लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में तीन चरणों में होगा। लखनऊ चरण में 20 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ 120 विधानसभा क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से करीब 1,500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख हिस्सा लेंगे।

सम्मेलन में युवाओं को मतदाता पंजीकरण से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया व्यावहारिक तरीके से समझाई जाएगी। लाइव प्रदर्शन के जरिए यह बताया जाएगा कि चुनावी प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है। डिजिटल माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

ईएलसी 2.0 से जुड़ेगा नया युवा मतदाता

निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में निर्वाचन साक्षरता क्लब यानी ईएलसी की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान और निर्वाचन आयोग की भूमिका से परिचित कराना था। अब इसे ईएलसी 2.0 के रूप में नए डिजिटल स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।

इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में क्लबों को सालभर सक्रिय रखने, युवाओं को चुनावी प्रक्रिया का अनुभव देने और डिजिटल माध्यमों से जोड़ने की योजना है। पात्र हो चुके और जल्द पात्र होने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

बीएलओ से सीधे सुनेंगे जमीनी हकीकत

दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को ज्ञानेश कुमार लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। बीएलओ मतदाता और निर्वाचन तंत्र के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। मतदाता सूची को अपडेट करने, नए मतदाताओं को जोड़ने और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करने में उनकी अहम भूमिका रहती है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि यह दौरा युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ बीएलओ के अनुभव और सुझाव आयोग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। माना जा रहा है कि इस संवाद से चुनावी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुगम बनाने की दिशा में नई पहल को गति मिलेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें