बुधवार, 24 जून 202608:07:26 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मप्र जमीन घोटाले की आंच पहुंची यूपी, : योगी के मंत्री ने अखिलेश को लिया निशाने पर, भरत यादव और चंद्रपाल यादव के रिश्ते का किया जिक्र

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 24, 2026
07:58 AM
योगी के मंत्री ने अखिलेश को लिया निशाने पर, भरत यादव और चंद्रपाल यादव के रिश्ते का किया जिक्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में राजभर ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में जमीन निवेश और सड़क परियोजनाओं से जुड़े मामलों को लेकर अखिलेश यादव असहज हैं और इसी वजह से वे कुछ मुद्दों पर लगातार आक्रामक रुख अपना रहे हैं।

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी भरत यादव, जो राज्य सड़क विकास निगम के चेयरमैन हैं, उनका संबंध समाजवादी पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता चंद्रपाल यादव के परिवार से है। उन्होंने दावा किया कि भरत यादव, चंद्रपाल यादव के दामाद हैं और इस रिश्ते को लेकर अखिलेश यादव खुलकर कुछ नहीं बताते।

राजभर के अनुसार, सड़क और हाईवे परियोजनाओं के रूट की जानकारी पहले से होने के कारण जमीनों में निवेश कराया गया, जिससे कुछ लोगों को लाभ पहुंचने की संभावना बनी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस पूरे मामले को लेकर अखिलेश यादव इतने चिंतित क्यों दिखाई दे रहे हैं।

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भी लगाए आरोप

सुभासपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि जमीन से जुड़े मामलों में सैफई परिवार का पुराना इतिहास रहा है। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान फिरोजाबाद से इटावा तक बड़े पैमाने पर जमीनों की खरीद की गई थी। बाद में एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव कर उसे सैफई की ओर मोड़ दिया गया, जिससे परियोजना की दूरी करीब 30 किलोमीटर तक बढ़ गई।

राजभर ने आरोप लगाया कि पहले कम कीमत पर जमीनें खरीदी गईं और बाद में उन्हीं जमीनों के बदले भारी मुआवजा हासिल किया गया। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें