52वां खजुराहो नृत्य समारोह : सीएम मोहन 20 को करेंगे आगाज, नटराज की छाया में होगा कला साधना का समागम

भोपाल। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो की धरती एक बार फिर शास्त्रीय नृत्य की गरिमामय प्रस्तुतियों से गुंजायमान होगी। 20 से 26 फरवरी के बीच नटराज थीम पर आयोजित 52वें खजुराहो नृत्य समारोह में कला साधना का समागम होगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। वहीं राज्यपाल मंगुभाई पटेल की मौजूदगी में इसका समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। यहां नृत्य प्रस्तुतियां रोजाना शाम 6:30 बजे से होंगी। वहीं खजुराहो कार्निवल का समय दोपहर 2:00 बजे से होगा।
मप्र सरकार के संस्कृति विभाग, उस्ताद अलाउद्दीन खान संगीत एवं कला अकादमी और मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के तत्वाधान में यह कार्यक्रम परंपरा, प्रयोग और नवाचार का संगम बनेगा। संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि कंदरिया महादेव एवं जगदंबा मंदिर परिसर में आयोजित इस सात दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आयोजन में देश के सुप्रतिष्ठित तथा उदीयमान नर्तक नृत्यांगनाएं अपनी प्रस्तुतियों से जहां भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध परंपराओं को मंच पर साकार करेंगी। वहीं दूसरी ओर शिल्पग्राम में हो रहे खजुराहो कार्निवाल सहित पर्यटन विकास निगम की विविध कला विधाओं से संबंधित गतिविधियां इसे रोमांचक बनाएंगी। समारोह के उद्घाटन अवसर पर सांसद खजुराहो वीडी शर्मा, संस्कृति व पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
इन कलाकारों की होंगी नृत्य प्रस्तुतियां
20 फरवरी 2026: ममता शंकर, कोलकाता-कथक, अनुराधा वेंकटरमन, चेन्नई - भरतनाट्यम और शुभदा वराडकर, मुंबई -ओडिसी
21 फरवरी 2026: विश्वदीप, दिल्ली-कथक, प्रभात कुमार महतो, झारखंड - छाऊ, अकमरल कैनाजारोवा, कजाकिस्तान - भरतनाट्यम
22 फरवरी 2026: थकचोम इबेमुबी देवी, मणिपुर- मणिपुरी, दुर्गा चरण रणबीर, ओडिशा- ओडिसी, सत्रिया केंद्र, असम - सत्रिया
23 फरवरी 2026: नव्या नायर चेन्नई - भरतनाट्यम, कोट्टकल नंदकुमारन नायर, केरल - कथकली, जी.पद्मजा रेड्डी, चेन्नई - कुचिपुड़ी
24 फरवरी 2026: शिंजिनी कुलकर्णी, दिल्ली - कथक, इलियाना सिटारिस्टी, भुवनेश्वर - ओडिसी, कलामंडलम क्षेमवती, केरल - मोहिनीअट्टम
25 फरवरी 2026: सास्वती सेन, दिल्ली - कथक, सुश्री मोहंती, भुवनेश्वर - ओडिसी, नोयोंसखी देवी, मणिपुर - मणिपुरी
26 फरवरी 2026: सुनयना हजारीलाल, मुंबई - कथक, प्रतिभा प्रहलाद, बेंगलुरु - भरतनाट्यम, भावना रेड्डी, दिल्ली - कुचिपुड़ी और प्रभुतोष पांडा -ओडिसी
कार्निवल में यह होंगी गतिविधियां
खजुराहो कार्निवल: देश के दूसरे राज्यों के क्राफ्ट और लोक नृत्य
नटराज: भगवान शिव के नृत्य रूपों को दिखाने वाली मूर्तियों की प्रदर्शनी
और शैव-शाक्त पेंटिंग
नेशनल चिल्ड्रन डांस फेस्टिवल: उभरते कलाकारों द्वारा क्लासिकल डांस परफॉर्मेंस
लय शाला-23 से 25 फरवरी: अलग-अलग भारतीय नृत्य शैलियों के जाने-माने डांस गुरुओं के साथ संवाद
कलावर्त- 21 से 24 फरवरी: अलग-अलग कला विषयों पर आधारित चर्चा
आर्ट-मार्ट: पानी के रंगों से प्रकृति का चित्रण, प्रदर्शनी-कम-बिक्री
हुनर: पारंपरिक शिल्प की प्रदर्शनी और बिक्री
सृजन: खजुराहो की वास्तुकला पर आधारित मिट्टी की मूर्तियां बनाना
स्वाद: क्षेत्रीय व्यंजन
मध्य प्रदेश पर्यटन गतिविधियाँ: खानाबदोश समुदायों के साथ गांव का टूर, एक दिन का वॉक-टूर, भ्रमण कार्यक्रम, नेचर वॉक, खजुराहो गांव का टूर, ई-बाइक टूर, वॉटर स्पोर्ट, हॉट एयर बैलून, फैम टूर
Ganesh Sakalle
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
