मंगलवार, 23 जून 202606:30:22 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

इस एहसास को शब्दों में बयां करना मुश्किल : टीम इंडिया की जर्सी में अपना नाम लिखा देख भावुक हुए बेबी बाॅस

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 23, 2026
08:27 AM
टीम इंडिया की जर्सी में अपना नाम लिखा देख भावुक हुए बेबी बाॅस

नई दिल्ली। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचा चुके युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने उस खास पल को याद किया, जब उन्हें पहली बार टीम इंडिया की जर्सी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि वह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था और उस समय उन्हें अपने संघर्ष और वर्षों की मेहनत याद आ गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में वैभव ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस एहसास को शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है।

वैभव ने कहा कि बचपन से जिस सपने को लेकर उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, वह अब पूरा होता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, ष्जिस वजह से मैंने पहली बार बल्ला उठाया और रोज मैदान पर जाकर अभ्यास किया, उस सफर का सबसे बड़ा पड़ाव आज पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि टीम इंडिया की जर्सी देखकर वह खुद को रोक नहीं पाए और लगातार मुस्कुराते रहे।

जर्सी देखकर लगा जैसे सपना सच हो गया

युवा बल्लेबाज ने कहा, जब मैंने वह टी-शर्ट देखी तो मुझे ऐसा लगा जैसे मैं कोई सपना देख रहा हूं। कई बार जिंदगी में कुछ ऐसे पल आते हैं, जिनके लिए शब्द नहीं होते। मेरे साथ भी बिल्कुल ऐसा ही हुआ। बीसीसीआई ने भी इस भावुक पल का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ष्जिस पल का पूरा देश इंतजार कर रहा था, वह आखिरकार आ गया है।

15 साल की उम्र में तोड़ा सचिन का 36 साल पुराना रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी को 15 साल और 71 दिन की उम्र में आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय सीनियर टीम में चुना गया है। इसके साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

सचिन ने 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अगर वैभव को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत की सीनियर पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। अब सभी की निगाहें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टिकी हैं, जहां यह युवा सितारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकता है। भारत 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगा, जबकि इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें