IPL 2027 में फिर गूंजेगा माही का बल्ला : सीएसके सीईओ ने धोनी पर छोड़ा फैसला, रैना ने भी की अपील

चेन्नई। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल 2027 में खेलने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन को उम्मीद है कि धोनी एक और सत्र में चेन्नई की ओर से खेल सकते हैं। हालांकि, उनके भविष्य का फैसला पूरी तरह धोनी पर छोड़ दिया गया है। चोट के कारण धोनी आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे।
धोनी के फैसले का इंतजार कर रही चेन्नई
चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान काशी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी अगले सत्र में खेलेंगे या नहीं, यह सवाल उन्हीं से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब धोनी चेन्नई आते हैं, तो अपने फैसले के बारे में टीम को जानकारी देते हैं। विश्वनाथन ने उम्मीद जताई कि धोनी के चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलना जारी रखने की संभावना है। 45 वर्ष के हो चुके धोनी के आईपीएल करियर को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। पिछले सत्र में चोट के चलते मैदान से दूर रहने के बाद अब प्रशंसकों को उनके अगले कदम का इंतजार है।
सुरेश रैना ने भी की वापसी की अपील
चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना भी धोनी को आईपीएल 2027 में खेलते देखना चाहते हैं। चेपॉक स्टेडियम में टीम के पारंपरिक सम्मान समारोह के दौरान धोनी से मुलाकात के बाद रैना ने उनसे अगले सत्र में वापसी करने का आग्रह किया था। रैना ने कहा, श्श्मैंने उनसे कहा कि आपने आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेला। इसे गिनती में नहीं लिया जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा।श्श् रैना के मुताबिक, धोनी ने जवाब दिया कि देखते हैं। उन्हें उम्मीद है कि धोनी वापसी के लिए मेहनत करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अंतिम निर्णय धोनी का निजी फैसला होगा।
संजू सैमसन पर भी रहेंगी निगाहें
धोनी के भविष्य के साथ-साथ चेन्नई सुपरकिंग्स में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका को लेकर भी चर्चा है। टीम में संजू सैमसन की मौजूदगी को भविष्य की योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम ने 14 मुकाबलों में छह जीत और आठ हार के साथ आठवां स्थान हासिल किया था। अब प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या धोनी एक बार फिर मैदान पर उतरकर चेन्नई की जर्सी में अपना जलवा दिखाएंगे। फिलहाल, उनकी वापसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
