टेस्ट सीरीज : गिल ने कीवी बल्लेबाजों के लिए बनाई बड़ी रणनीति, स्विंग-सीम के साथ रफ्तार पर रहेगा जोर, जडेजा ने निभाएंगे अहम भूमिका

वेलिंगटन। टी-20 और वनडे सीरीज के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार यानि 19 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के मैदान में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम इंडिया की रणनीति का खुलासा कर दिया है। गिल ने स्पष्ट कर दिया है कि टीम इंडिया पहले टेस्ट में 4 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतर सकती है। हालांकि उन्होंने यह बताने से परहेज किया की प्लेइंग इलेवन किसे जगह मिलेगी।
स्विंग और सीम के साथ रफ्तार पर रहेगा जोर
टेस्ट मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा कि वेलिंगटन की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीम ऐसा तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार करना चाहती है, जो हर परिस्थिति में प्रभावी साबित हो। उन्होंने कहा कि हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और यह टीम के लिए सही है।
उन्होंने कहा कि यहां टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन और आखिरी तीन दिन बिल्कुल अलग तरह के होते हैं। शुरुआत में स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकता है, जबकि बाद के दिनों में पिच सपाट होने लगती है। ऐसे में टीम को ऐसे गेंदबाजों की जरूरत है, जो गति के साथ लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी कर सकें।
इन गेंदबाजों पर रहेगी नजर
भारत के पास तेज गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार जैसे विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी भी तेज गेंदबाजी में योगदान दे सकते हैं।
गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि तेज गेंदबाजों के साथ एक स्पिनर की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। तेज हवाओं के बीच हवा के विपरीत गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में गेंदबाजी आक्रमण का संतुलन बनाना टीम की प्राथमिकता रहेगी।
जडेजा पर स्पिन की जिम्मेदारी
भारतीय प्लेइंग इलेवन में रवींद्र जडेजा अकेले विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में खेल सकते हैं। जडेजा नंबर सात पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। इससे टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन मिलेगा।
बल्लेबाजी संयोजन पर गिल ने कहा कि टीम सात बल्लेबाजों के विकल्प पर विचार कर रही है। आठवें और नौवें नंबर के खिलाड़ियों का चयन अंतिम संयोजन के आधार पर होगा। उन्होंने आकाशदीप और अंशुल कंबोज की बल्लेबाजी क्षमता का भी जिक्र किया। वहीं, नितीश कुमार रेड्डी को शामिल करने पर टीम को एक मजबूत बल्लेबाजी विकल्प भी मिल सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
