IPL 2026: मुंबई इंडियंस की धमाकेदार वापसी, : गुजरात टाइटंस को 99 रन से रौंदा

अहमदाबाद: मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम महज 100 रन पर सिमट गई।
तिलक वर्मा का तूफानी शतक
मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तिलक ने पूरे मैच में आक्रामक अंदाज बनाए रखा और गुजरात के गेंदबाजों को जमकर निशाना बनाया।
अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन आउट हो गए, जबकि जल्द ही जोस बटलर भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम संभल नहीं सकी।
मुंबई की ओर से ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में उतरे अश्विनी कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा मिचेल सेंटनर और गजनफर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को 1-1 सफलता मिली।
गुजरात की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। गिल ने 14 रन, वाशिंगटन सुंदर ने 26 रन और शाहरुख खान ने 17 रन बनाए, लेकिन कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल सका।
अंक तालिका में मुंबई की छलांग
लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस ने जोरदार वापसी की है। इस जीत के साथ टीम के 4 अंक हो गए हैं और वह सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, गुजरात टाइटंस 6 अंकों के साथ छठे स्थान पर बनी हुई है
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
