हाकी विश्व कप के लिए जंबो भारतीय टीम का ऐलान : हरमनप्रीत करेंगे 20 सदस्यीय टीम का नेतृत्व, 15 अगस्त से होगी अभियान की शुरुआत

नई दिल्ली। अगस्त में होने वाले हाॅकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। हाॅकी इंडिया ने 20 सदस्यीय जंबो टीम की घोषणा की है। टीम की कमान जहां अनुभवी डिफेंडर और ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। वहीं अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय सुमित और यशस्वी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है, जबकि मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद और नीलकांत शर्मा टीम की रीढ़ होंगे। इस जंबो टीम की नजर 1975 के बाद पहली बार विश्व कप खिताब जीतने पर होगी।
14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए हाॅकी इंडिया ने आक्रमण की जिम्मेदारी मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा के कंधों पर सौंपी है। कोच का मानना है कि टीम में शामिल युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर जगह बनाई है और बड़े मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।
15 अगस्त से शुरू होगा भारत का अभियान
भारत को विश्व कप में पूल-डी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स से होगा। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में खेलेगी। टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में माना जा रहा है।
प्रो लीग की निराशा भुलाकर नई शुरुआत की तैयारी
विश्व कप से पहले भारत का एफआईएच प्रो लीग अभियान उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था। टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही, लेकिन टीम प्रबंधन का मानना है कि विश्व कप एक नई शुरुआत का अवसर है। कोच क्रेग फुल्टन ने स्पष्ट किया कि टीम की रणनीति श्प्रेस, काउंटर और परफॉर्मश् पर आधारित होगी और खिलाड़ी हर मुकाबले को फाइनल की तरह खेलेंगे। भारत ने आखिरी बार 1975 में हॉकी विश्व कप का खिताब जीता था। ऐसे में इस बार हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम के सामने आधी सदी पुराने सूखे को खत्म कर भारतीय हॉकी को फिर से विश्व शिखर पर पहुंचाने की बड़ी चुनौती होगी।
भारतीय टीम -
गोलकीपर - मोहित एचएस और सूरज करकेरा
डिफेंडर - हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच
मिडफील्डर - मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे
फॉरवर्ड - मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा.
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
