गुरुवार, 30 जुलाई 202610:29:28 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

ग्लासगो मेंइतिहास रचता भारत: : पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड-सिल्वर की ऐतिहासिक 'वन-टू' फिनिश़, श्रीशंकर का लगातार दूसरा रजत

admin

admin

Jul 30, 2026
04:52 AM
पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड-सिल्वर की ऐतिहासिक 'वन-टू' फिनिश़, श्रीशंकर का लगातार दूसरा रजत

नई दिल्ली। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ी इतिहास रच रहे हैं। एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स और मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं। स्टार लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। वहीं पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 100 मीटर T47 स्पर्धा में भारत ने गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतकर पहली बार 'वन-टू' फिनिश हासिल की। दूसरी ओर मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कम से कम 10 पदक पक्के कर लिए।

श्रीशंकर ने फिर रचा इतिहास

27 वर्षीय मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप स्पर्धा में 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में लॉन्ग जंप में लगातार दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इससे पहले उन्होंने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रजत पदक जीता था।

इस मुकाबले में जमैका के ताजे गेल ने 8.15 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी 8.08 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारत के एक अन्य खिलाड़ी लोकेश सत्यनाथन 7.97 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

पैरा एथलेटिक्स में भारत की ऐतिहासिक 'वन-टू' फिनिश

एथलेटिक्स के बाद पैरा एथलेटिक्स में भी भारत ने इतिहास रच दिया। पुरुषों की 100 मीटर T47 स्पर्धा में दिलीप महादू गावित ने 10.71 सेकंड का नया गेम रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। उनके पीछे भारत के ही मोहम्मद बासिल मोरसिंगानकथ ने 10.83 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।

यह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक रहा। इससे पहले मीराबाई चानू और शर्मिला ढाका देश को गोल्ड दिला चुकी थीं। इन सफलताओं के बाद भारत के खाते में अब कुल 15 पदक (3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज) हो चुके हैं और भारतीय दल पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

मुक्केबाजों ने पक्के किए कम से कम 10 पदक

भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन भी जारी है। बुधवार को कई भारतीय बॉक्सरों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जिसके साथ भारत के कम से कम 10 पदक तय हो गए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने वालों में साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा) और विश्व चैंपियन जैस्मिन लाम्बोरिया (57 किग्रा) शामिल हैं। इससे पहले लवलीना बोरगोहेन, प्रिया घंघास, प्रीति पवार और जादुमणि सिंह भी अंतिम चार में जगह बना चुके थे। दिन के अंतिम मुकाबले में जैस्मिन लाम्बोरिया ने इंग्लैंड की एलिस ग्लिन को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने बर्मिंघम 2022 में मुक्केबाजी में जीते सात पदकों के अपने पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

एथलेटिक्स में कई खिलाड़ियों ने बनाई फाइनल में जगह

भारत के यशस पालाक्ष और संथोष के तमिलारासन ने पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स के फाइनल में प्रवेश किया। दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी हीट में तीसरे स्थान पर रहे और सर्वश्रेष्ठ समय वाले हारने वाले खिलाड़ियों के रूप में फाइनल में पहुंचे। महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में मनप्रीत सिंह 17.49 मीटर के प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहीं और पदक से मामूली अंतर से चूक गईं। वहीं राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने पुरुष शॉट पुट के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। तूर ने 20.14 मीटर और गिल ने 19.95 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। इसके अलावा नेशनल रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर स्पर्धा में 20.46 सेकंड का सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

वेटलिफ्टिंग और स्विमिंग में नहीं मिली सफलता

दिन की शानदार उपलब्धियों के बीच वेटलिफ्टिंग और तैराकी में भारत को निराशा भी हाथ लगी। महिला 77 किग्रा वर्ग में संजना अपना मुकाबला पूरा नहीं कर सकीं और उन्हें DNF घोषित किया गया। स्विमिंग में साजन प्रकाश और अनीश एस. गौड़ा भी पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में जगह बनाने में असफल रहे। साजन कुल 20वें और अनीश 18वें स्थान पर रहे। हालांकि कुल मिलाकर बुधवार का दिन भारतीय दल के लिए बेहद सफल रहा। लगातार ऐतिहासिक प्रदर्शन और कई स्पर्धाओं में मजबूत दावेदारी ने यह साफ कर दिया है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के पदकों की संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें